दिल्ली विजय: भाजपा की नीतियों पर सहमति – डॉ. हर्षवर्धन

दैनिक इंडिया न्यूज़, नई दिल्ली। राष्ट्रीय सनातन महासंघ के अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह ने भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत पर बधाई प्रेषित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर डॉ. हर्षवर्धन ने भाजपा की नीति और नीयत पर दिल्ली की जनता के प्रचंड समर्थन की सराहना करते हुए मिष्ठान वितरित किया। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक जनादेश के साथ सरकार की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप, किए गए वादों को पूरा करने और मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए सरकार को पहले दिन से ही सक्रिय होना होगा।

डॉ. हर्षवर्धन ने आगे कहा कि अरविंद केजरीवाल के झूठे वादों को जनता ने सिरे से नकार दिया है और दिल्ली में डबल इंजन सरकार को समर्थन देकर अपने मंतव्य को स्पष्ट कर दिया है। इस पर सहमति जताते हुए राष्ट्रीय सनातन महासंघ के अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह ने नवगठित सरकार को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विशेष रूप से शुद्ध पेयजल, सड़क निर्माण, कूड़ा प्रबंधन एवं निस्तारण, स्वास्थ्य सेवाओं और पर्यावरण संरक्षण पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही, उन्होंने शिक्षा के स्तर में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने पर भी बल दिया।

इस भेंट के दौरान बाल्य आयुर्विज्ञान चिकित्सा संस्थान, नोएडा के निदेशक डॉ. ए.के. सिंह भी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रदेश और केंद्र सरकार द्वारा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी डॉ. हर्षवर्धन को दी। साथ ही, उन्होंने बाल्य आयुर्विज्ञान चिकित्सा संस्थान के कार्यों से भी उन्हें अवगत कराया।

बैठक के अंत में सभी उपस्थितजनों ने दिल्ली की जनता के निर्णय पर आभार व्यक्त करते हुए उनके प्रति सम्मान और साधुवाद ज्ञापित किया।

Share it via Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *