रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मिले वोवीनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण गर्ग

खेलों को बढ़ावा देने और आत्मरक्षा प्रशिक्षण को प्रोत्साहन देने की दिशा में हुई सार्थक चर्चा

2026 में लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता कराने पर भी बनी सहमति

दैनिक इंडिया न्यूज़,नई दिल्ली।वोवीनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भाजपा लखनऊ महानगर मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग ने संघ के पदाधिकारियों के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से उनके दिल्ली स्थित आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित होने पर प्रवीण गर्ग को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और भविष्य के लिए शुभेच्छा प्रकट की।

भेंट के दौरान प्रवीण गर्ग ने रक्षा मंत्री को पुष्पगुच्छ, अंग वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट किया। वहीं एसोसिएशन पदाधिकारियों ने रक्षा मंत्री को अनुरोध पत्र सौंपते हुए आग्रह किया कि वोवीनाम मार्शल आर्ट को ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड, ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी खेल और सीबीएसई खेल कैलेंडर में शामिल किया जाए। रक्षा मंत्री ने इस पर शीघ्र उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया। साथ ही, वर्ष 2026 में लखनऊ में वोवीनाम की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता आयोजित कराने के संबंध में भी विस्तार से चर्चा हुई।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, भाजपा के वरिष्ठ नेता नीरज सिंह, लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक डॉ. ओपी श्रीवास्तव और नीरज बोरा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों ने सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं देते हुए प्रवीण गर्ग के निर्वाचन को भारतीय खेलों और युवा शक्ति के लिए ऐतिहासिक बताया।

वरिष्ठ भाजपा नेता नीरज सिंह ने कहा, “खेल बच्चों और युवाओं को शारीरिक व बौद्धिक रूप से सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। आत्मरक्षा की दृष्टि से लड़कियों के लिए मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण विशेष रूप से उपयोगी है। ऐसे प्रयास न केवल राष्ट्रीय एकता और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ अभियान को सशक्त बनाते हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि को भी नई पहचान दिलाते हैं।”

दिल्ली में रक्षा मंत्री से भेंट के दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारी डॉक्टर विष्णु सहाय, शंकर महाबले, सीता लक्ष्मी गणेशन, सनल कुमार, पप्पू खान, मीर वहाज अली खान, विशाल सिंह, कमलेश देवांगन, रंजन हलदार, विकास शर्मा, विनोद लखेरा, भाग्यश्री महाबले, विनोद कुंजीर, मोहम्मद अली, वैभव कुमार, चंद्रकांत बारिक, हिना, महादेव चोंगथम, सौम्य गर्ग और प्रशांत सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Share it via Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *