
रक्षा मंत्री के जन्मदिन पर भाऊराव देवरस सिविल अस्पताल में हुआ फल वितरण

कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प – उनके आदर्शों पर चल समाजसेवा को बनाएंगे जीवन का ध्येय

लखनऊ। देश के रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह का जन्मदिन 10 जुलाई को उनके समर्थकों और शुभचिंतकों ने सेवा कार्यों के माध्यम से मनाया। इस अवसर पर भाऊराव देवरस सिविल अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किए गए। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और राष्ट्रीय सनातन महासंघ के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम में लखनऊ पूर्वी के विधायक ओपी श्रीवास्तव, राष्ट्रीय सनातन महासंघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र सिंह देवड़ी, वरिष्ठ भाजपा नेता मणिकांत शुक्ला, मीडिया प्रभारी अनूप सिंह, अस्पताल के सीएमएस, डॉक्टरगण और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
फल वितरण के दौरान राष्ट्रीय सनातन महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि राजनाथ सिंह का लखनऊ से सांसद होना हम सभी के लिए गौरव की बात है। उनका व्यक्तित्व राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्र के अभिभावक और पथप्रदर्शक के रूप में स्थापित है। उनका सहज, सरल और ओजस्वी स्वभाव हर व्यक्ति को प्रभावित करता है। वे हमेशा जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहते हैं।
विधायक ओपी श्रीवास्तव ने कहा कि राजनाथ सिंह हमारे मार्गदर्शक और गुरु हैं। उनके नेतृत्व में लखनऊ ने अभूतपूर्व विकास किया है। उनकी दूरदृष्टि और निर्णय क्षमता ने लखनऊ को नई पहचान दी है। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा है। वे राजनीति में आदर्श स्थापित करते हैं और उनके कार्य हमें सच्ची जनसेवा का मार्ग दिखाते हैं।
भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र सिंह देवड़ी ने कहा कि देश को एक ऐसा रक्षामंत्री मिला है, जिसने हर परिस्थिति में राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। सीमाओं की सुरक्षा हो या सेना का मनोबल, हर मोर्चे पर उनका नेतृत्व उल्लेखनीय रहा है। उनका निडर और दृढ़ व्यक्तित्व देशवासियों को यह विश्वास दिलाता है कि राष्ट्र सुरक्षित हाथों में है।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ ने भी रक्षा मंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, यश और दीर्घायु की कामना की। मरीजों ने फल वितरण के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि यह आयोजन उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा कि राजनाथ सिंह जैसे नेता का होना लखनऊ के लिए सौभाग्य की बात है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सनातन महासंघ के अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि राजनाथ सिंह का जीवन हमें सिखाता है कि शक्ति का अर्थ दूसरों को दबाना नहीं बल्कि निर्बलों को सहारा देना है। उनका जीवन उदाहरण है कि सच्चा नेतृत्व पद से नहीं, बल्कि करुणा और कर्तव्यपरायणता से स्थापित होता है।
कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने यह संकल्प लिया कि वे रक्षा मंत्री के आदर्शों का पालन करते हुए समाजसेवा और राष्ट्रसेवा के कार्यों में हमेशा सक्रिय रहेंगे और लखनऊ को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने में अपना योगदान देंगे।