
राष्ट्रीय सनातन महासंघ और जनकल्याण विस्तार कॉलोनी ने किया बृहद वृक्षारोपण

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से लोगों में दिखा उत्साह

दैनिक इंडिया न्यूज़ ,लखनऊ। आज राष्ट्रीय सनातन महासंघ और महानगर जनकल्याण विस्तार कॉलोनी के संयुक्त तत्वावधान में डॉक्टर सेंट राय पार्क, ए पार्क में बृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर विभिन्न प्रकार के छायादार व फलदार पौधे रोपे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। वे न केवल हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि वायु को शुद्ध करने, भूमि को उपजाऊ बनाने, जल संरक्षण करने और जीव-जंतुओं को आश्रय देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वक्ताओं ने कहा कि यदि हम आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण देना चाहते हैं तो हमें अधिक से अधिक वृक्ष लगाने होंगे।
राष्ट्रीय सनातन महासंघ के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संचालित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह अभियान केवल वृक्षारोपण का नहीं, बल्कि मां के प्रति सम्मान प्रकट करने और धरती माता के संरक्षण का भी संदेश देता है। हर व्यक्ति को अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। इससे न केवल पर्यावरण सुरक्षित होगा, बल्कि सामाजिक और भावनात्मक जुड़ाव भी मजबूत होगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित नागरिकों से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण प्रदूषण को कम करने और पृथ्वी की रक्षा के इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं। वृक्ष लगाने के बाद उनकी देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया गया, जिससे ये पौधे एक दिन मजबूत वृक्ष बनकर मानवता को निरंतर लाभ पहुंचा सकें।
यह वृक्षारोपण कार्यक्रम क्षेत्र में सकारात्मक संदेश लेकर आया और लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता व जिम्मेदारी की भावना को और अधिक प्रबल किया।