
संस्कृत सप्ताह में एलईडी व बैनरों से जन-जागरूकता अभियान को मिलेगी ताकत,
मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री के संस्कृत संदेशों ने बढ़ाया उत्साह-जितेंद्र प्रताप सिंह

दैनिक इंडिया न्यूज़,लखनऊ — संस्कृतभारती न्यास, अवध प्रांत के अध्यक्ष जितेन्द्र प्रताप सिंह की पहल पर 6 अगस्त से 12 अगस्त तक आयोजित संस्कृत सप्ताह के अंतर्गत लखनऊ की लोकप्रिय महापौर सुषमा खर्कवाल के सकारात्मक निर्णय और प्रयास से नगर के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर एलईडी स्क्रीन और बैनरों के माध्यम से संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के संस्कृत भाषा में प्रेषित शुभकामना संदेशों ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। यह पहल न केवल सांस्कृतिक विरासत के संवर्धन का प्रतीक है, बल्कि भाषा के संरक्षण और जन-जन तक इसके प्रसार का सशक्त माध्यम भी बनी।
विगत वर्ष भी संस्कृत सप्ताह में महापौर सुषमा खर्कवाल ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए संस्कृत भाषा को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उनकी रुचि और प्रतिबद्धता इस वर्ष भी स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई, जब उन्होंने नगर में भाषा उन्नयन हेतु प्रभावी कदम उठाए।
संस्कृतभारती न्यास, अवध प्रांत के अध्यक्ष जितेन्द्र प्रताप सिंह ने महापौर के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि गीता, वेद, पुराण सहित संस्कृत के समृद्ध ज्ञान को जनभागीदारी के माध्यम से प्रोत्साहित करना एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस तरह की पहल से आने वाले समय में संस्कृत के पुनर्जागरण को और गति मिलेगी।