गोमती नगर में भीषण अग्निकांड टलते-टलते टला: विभूति खंड स्थित नवनिर्मित बेसमेंट आग की चपेट में, प्रशासन की तत्परता से बची बड़ी तबाही

दैनिक इंडिया न्यूज़,6 fab 2026,लखनऊ।लखनऊ के गोमती नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत विभूति खंड के समीप स्थित एक नवनिर्मित बेसमेंट में अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तीव्र और भयावह थी कि कुछ ही क्षणों में बेसमेंट का बड़ा हिस्सा उसकी चपेट में आ गया और भीतर रखा सामान जलकर खाक हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें और घना धुआं दूर से ही दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया।
स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि यदि समय रहते आपात सेवा 112 की टीम और अग्निशमन विभाग मौके पर नहीं पहुंचते, तो यह हादसा एक भीषण त्रासदी का रूप ले सकता था। आग के तेजी से फैलने की संभावना को देखते हुए तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया गया। फायर ब्रिगेड की टीमों ने सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया, जिससे लगभग 90 प्रतिशत उस संभावित क्षति को रोका जा सका, जो आसपास की इमारतों और जान-माल को प्रभावित कर सकती थी।


हालांकि इस अग्निकांड में बेसमेंट के भीतर रखा कई बहुमूल्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया, लेकिन प्रशासन की तत्परता और समन्वित प्रयासों के चलते एक बड़े पैमाने की तबाही टल गई। घटना के समय किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जो राहत की बात मानी जा रही है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन और अग्निशमन दल की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। यह जांच का विषय बना हुआ है कि बेसमेंट में अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन किया गया था या नहीं, तथा किन परिस्थितियों और लापरवाहियों के कारण यह आग लगी। प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं, ताकि दोषियों की पहचान कर भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
यह घटना एक बार फिर शहरी क्षेत्रों में निर्माणाधीन एवं नवनिर्मित परिसरों में अग्नि सुरक्षा के प्रति गंभीरता से विचार करने की चेतावनी देती है, साथ ही यह भी दर्शाती है कि सतर्क प्रशासन और त्वरित आपात सेवाएं किस प्रकार बड़े संकट को टालने में निर्णायक भूमिका निभा सकती हैं।

Share it via Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *