एकबारीय कर योजना लागू, परिवहन मेले में उमड़ी वाहन स्वामियों की भीड़


दैनिक इंडिया न्यूज़,मऊ।त्तर प्रदेश शासन के परिवहन अनुभाग-4 द्वारा जारी अधिसूचना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश मोटरयान कराधान (संशोधन) अधिनियम, 2025 को सरकारी गजट में प्रकाशित कर जनसाधारण को सूचित किया गया है। इस संशोधन के माध्यम से व्यवसायिक वाहनों के लिए एकबारीय (एकमुश्त) कर की नई दरें निर्धारित की गई हैं। शासन के इस निर्णय का उद्देश्य कर व्यवस्था को सरल बनाना तथा वाहन स्वामियों को सुविधाजनक भुगतान का विकल्प उपलब्ध कराना है।
इसी क्रम में शुक्रवार, 20 फरवरी 2026 को सहायक सम्भागीय परिवहन कार्यालय में प्रथम दिवस परिवहन मेले का आयोजन किया गया। मेले में बड़ी संख्या में वाहन स्वामी उपस्थित हुए और योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी सुहेल अहमद ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए बताया कि एकमुश्त कर जमा योजना के अंतर्गत व्यवसायिक दोपहिया, तिपहिया, कैब, मैक्सी कैब, माल वाहन तथा विशेष प्रयोजन यानों के स्वामी अब निर्धारित दरों पर एकबारीय कर जमा कर सकते हैं।


उन्होंने सरल शब्दों में कर दरों की जानकारी देते हुए बताया कि भाड़े पर संचालित दोपहिया मोटरसाइकिल पर वाहन मूल्य का 12 प्रतिशत, तिपहिया मोटर कैब पर 7 प्रतिशत, 10 लाख रुपये तक मूल्य की मोटर/मैक्सी कैब पर 10 प्रतिशत तथा 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य की कैब पर 12 प्रतिशत कर निर्धारित किया गया है। निर्माण उपकरण या विशेष प्रयोजन यानों पर 6 प्रतिशत, 3000 किलोग्राम तक सकल भार वाले माल वाहन पर 3 प्रतिशत तथा 3000 से 7500 किलोग्राम तक के माल वाहनों पर 6 प्रतिशत कर देय होगा।
अधिकारी ने वाहन स्वामियों से अपील की कि वे इस योजना का लाभ उठाकर एकमुश्त कर जमा करें और यदि कोई बकाया है तो उसे भी समय से अदा कर दें, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की दंडात्मक कार्यवाही से बचा जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की यह पहल कर प्रक्रिया को पारदर्शी और सहज बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


परिवहन मेले के सफल आयोजन में कार्यालय के प्रधान सहायक महमूद अहमद, आनंद कुमार सिंह, तारा सिंह चौहान, वरिष्ठ सहायक अशोक कुमार पाण्डेय, कनिष्ठ सहायक अमित कुमार, डीबीए करूणानिधि राय तथा प्रवर्तन दल के पर्यवेक्षक जन्मेजय यादव, दुर्गविजय यादव, अनूप कुमार और चालक स्वामीनाथ यादव की सक्रिय भूमिका रही।


प्रथम दिवस का यह आयोजन न केवल कर संबंधी जागरूकता का माध्यम बना, बल्कि वाहन स्वामियों को नई व्यवस्था को समझने और उसका लाभ उठाने का अवसर भी प्रदान कर गया। आगामी दिनों में भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से अधिकाधिक लोगों तक योजना की जानकारी पहुँचाई जाएगी, जिससे परिवहन व्यवस्था और अधिक सुव्यवस्थित हो सके।

Share it via Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *