
दैनिक इंडिया न्यूज़ लखनऊ। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी और जनप्रतिनिधियों के साथ हजरतगंज जीपीओ पार्क में स्थित गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके बाद गांधीजी के प्रिय भजनों को सुनकर उन्हें नमन किया।

इस मौके पर राज्यसभा सांसद बृजलाल, पूर्व मंत्री व एमएलसी डॉ. महेंद्र सिंह, एमएलसी मुकेश शर्मा, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक डॉ. नीरज बोरा, एमएलसी अवनीश सिंह, लालजी निर्मल, अमरेश कुमार समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने बापू को याद करते हुए प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।

इसके उपरांत उपमुख्यमंत्री गांधी आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने चरखा चलाकर सूत काता और खादी वस्त्र खरीदे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत अभियान” और “स्वदेशी संकल्प” को मजबूत करने का यही मार्ग है।
बृजेश पाठक ने कहा— “महात्मा गांधी की जयंती पर मैं प्रदेश की जनता की ओर से उन्हें नमन करता हूं। बापू ने जिस स्वदेशी आंदोलन का सपना देखा था, उसे प्रधानमंत्री मोदी स्वच्छता और स्वदेशी अभियानों से आगे बढ़ा रहे हैं। देशवासियों से अपील है कि स्वदेशी अपनाएं, स्वदेशी ही खरीदें और बेचें। यही विकसित भारत का मार्ग है।”
गांधी आश्रम से लौटकर उपमुख्यमंत्री शास्त्री भवन एनेक्सी पहुंचे और वहां लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग ने बताया कि महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कैसरबाग स्थित भाजपा महानगर कार्यालय पर गांधी और शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर नमन किया। द्विवेदी ने कहा— “गांधी जी ने सत्य और अहिंसा का जो मार्ग दिखाया, आज पूरी दुनिया उसका अनुसरण कर रही है। खादी वस्त्रों का उपयोग कर गरीबों व मजदूरों को रोजगार दें और भारतीयता की भावना को मजबूत करें।”
लखनऊ महानगर के विभिन्न वार्डों में भी इस अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम व स्वच्छता अभियान आयोजित किए गए।
