
नारी सुरक्षा और सम्मान के संदेश के साथ जागरूकता अभियान का शुभारंभ

पुलिस, छात्राओं और स्वास्थ्यकर्मियों की रही सक्रिय भागीदारी

दैनिक इंडिया न्यूज, मऊ (उत्तर प्रदेश)।मिशन शक्ति फेज-5 के तहत बुधवार को मधुबन थाना परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली को क्षेत्राधिकारी मधुबन अभय कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में पुलिसकर्मी, विद्यालय की छात्राएं और स्वास्थ्यकर्मी बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रतिभागियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर लोगों को नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश दिया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी अभय कुमार सिंह ने कहा कि “आज की नारी किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं है। सरकार भी नारी सशक्तिकरण को प्राथमिकता दे रही है। समाज के हर वर्ग का दायित्व है कि वह महिलाओं का सम्मान करे।” उन्होंने यह भी बताया कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एंटी रोमियो टीम लगातार चट्टी-चौराहों, स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर सक्रिय है।
थाना प्रभारी राजीव सिंह ने छात्राओं और महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस हेल्पलाइन का सहारा लें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस हमेशा मदद के लिए तत्पर है।