“अब डर नहीं, सीधे कार्रवाई” : मधुबन में मिशन शक्ति का सशक्त प्रहार, मातृशक्ति को मिली सुरक्षा की अभेद्य ढाल


दैनिक इंडिया न्यूज़, मधुबन (मऊ)।
रविवार को मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत मधुबन क्षेत्र में एंटी रोमियो स्क्वॉड द्वारा सघन एवं व्यापक जनजागरण अभियान चलाया गया। इस प्रभावशाली पहल के तहत क्षेत्र की माताओं, बहनों एवं युवतियों को एकत्रित कर न केवल उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने वाले महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।


अभियान के दौरान 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपात सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 102 स्वास्थ्य सेवा, 108 एंबुलेंस सेवा तथा 1930 साइबर हेल्पलाइन जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण संपर्क सूत्रों को स्मरण रखने एवं आवश्यकता पड़ने पर निर्भीकतापूर्वक उपयोग करने की अपील की गई।


इस अवसर पर उपस्थित पुलिस टीम ने महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र एवं प्रभावी समाधान का भरोसा दिलाया। साथ ही ‘गुड टच’ एवं ‘बैड टच’ जैसे संवेदनशील विषयों पर भी विस्तृत जानकारी देकर उन्हें आत्मरक्षा के प्रति सजग और आत्मविश्वासी बनने के लिए प्रेरित किया गया।


उल्लेखनीय है कि यह अभियान मात्र औपचारिकता न होकर, समाज में सुरक्षा, विश्वास एवं जागरूकता की सुदृढ़ नींव स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। मिशन शक्ति के इस प्रभावोत्पादक अभियान ने यह स्पष्ट कर दिया है कि मधुबन पुलिस अब केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि समाज को सुरक्षित, सशक्त और जागरूक बनाने के लिए प्रत्येक स्तर पर अपनी सक्रिय, संवेदनशील एवं उत्तरदायी भूमिका निभा रही है।

Share it via Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *