
समस्याओं के त्वरित समाधान पर जताया आभार
दैनिक इंडिया न्यूज़ ,लखनऊ ।गोलमार्केट व्यापार मंडल तथा महानगर विस्तार जनकल्याण समिति ने महापौर सुषमा खर्कवाल का हृदय से आभार प्रकट किया। 25 जून 2025 को मंडल के संरक्षक जितेन्द्र प्रताप सिंह, अध्यक्ष गुरप्रीत सेठी तथा सचिव विनय शुक्ल के नेतृत्व में व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर से भेंट कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया था।
महापौर ने समस्याओं की गंभीरता को समझते हुए तत्काल मुख्य अभियंता को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनके निर्देश के बाद आज नगर निगम की अभियंत्रण टीम ने मौके पर पहुंचकर विस्तृत निरीक्षण किया, समस्याओं का अवलोकन किया और कई बिंदुओं पर तुरंत समाधान भी प्रदान किया। साथ ही, व्यापार मंडल द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं पर सहमति व्यक्त करते हुए तदनुसार कार्य कराने का आश्वासन दिया।
व्यापारियों ने बताया कि सीएम ग्रिड सड़क योजना (स्मार्ट सिटी) के अंतर्गत गोलमार्केट से कपूरथला रोड पर हो रहे निर्माण कार्य से व्यापार में असुविधा हो रही थी। व्यापारियों के अथक प्रयास और संगठन की एकजुटता के कारण नगर निगम की टीम ने न केवल कार्य को रोका बल्कि यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में निर्माण कार्य व्यापारियों की सहमति और सुविधा के अनुरूप ही कराया जाएगा ताकि किसी का भी अहित न हो।
महापौर की संवेदनशीलता, समस्या के प्रति गंभीर दृष्टिकोण, तथा त्वरित निर्णय लेने की क्षमता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। संरक्षक जितेन्द्र प्रताप सिंह ने महापौर को साधुवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह सफलता हम सभी की एकता का परिणाम है। जब समाज संगठित होता है, तब प्रशासन भी गंभीरता से सुनता है। हमें विश्वास है कि भविष्य में भी इसी प्रकार का सहयोग प्राप्त होता रहेगा। यह उदाहरण प्रेरक है कि सही दिशा में सामूहिक प्रयास हर समस्या का समाधान निकाल सकता है।