
दैनिक इंडिया न्यूज़ ,लखनऊ, 29 जून 2025
पंतनगर संस्कृति समिति (रामलीला मैदान), खुर्रम नगर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित “मन की बात” कार्यक्रम सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो संवाद को पूरे अनुशासन और गरिमा के साथ सुना गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह रहे, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति ने सभा को प्रेरणा से भर दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री की बातों को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प को दोहराया। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी ने भी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता शंकरपुरवा तृतीय वार्ड के पार्षद उमेश चंद्र सनवाल ने की, जो आयोजन के संयोजक भी रहे। भाजपा पूर्वी मंडल–2 के मंडल अध्यक्ष नरेंद्र सिंह देवड़ी के निर्देशन में कार्यक्रम सुव्यवस्थित रूप से संचालित हुआ।

कार्यक्रम में मंडल, वार्ड और बूथ स्तर के पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, संयोजक, सक्रिय सदस्य और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने निर्धारित समयानुसार प्रातः 10 बजे अपनी उपस्थिति दर्ज कर, अनुशासन और समर्पण का परिचय दिया।
इस आयोजन ने यह सिद्ध कर दिया कि भाजपा कार्यकर्ता केवल संगठनात्मक दायित्व ही नहीं निभाते, बल्कि प्रधानमंत्री के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का उत्तरदायित्व भी दृढ़ता से निभाते हैं।