
दैनिक इंडिया न्यूज़ ,लखनऊ। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अखिल भारतीय भोजपुरी समाज द्वारा वृक्षारोपण का क्रम निरंतर जारी है। समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय के नेतृत्व में 2 अक्टूबर 2025 तक 50 हजार पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है। इसी कड़ी में आज गोमतीनगर के वास्तुखंड में 200 पौधे रोपे गए।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में आम, मौलश्री, पीपल, वटवृक्ष, नीम, आंवला, अशोक सहित कई छायादार और औषधीय पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में वेदप्रकाश राय, सुनील सिंह, मनीष पोद्दार, आलोक शुक्ला सहित भोजपुरी समाज के दर्जनों पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय ने कहा कि यह अभियान केवल वृक्ष लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी हमारा दायित्व है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के इस संकल्प के माध्यम से भोजपुरी समाज समाजसेवा के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे भी अपनी मां के नाम पर पौधे लगाकर इस पुण्य कार्य में सहभागी बनें।
भोजपुरी समाज का यह वृक्षारोपण अभियान राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय के नेतृत्व में भविष्य में भी जारी रहेगा।