राष्ट्रीय सनातन महासंघ ने दी शुभकामनाएँ, कहा: उत्तर प्रदेश को मिलेगा दूरदर्शी नेतृत्व” – जितेन्द्र प्रताप सिंह

दैनिक इंडिया न्यूज़,लखनऊ, 15 नवम्बर 2025 — उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक सुधारों और नीतिगत नवाचार को नई दिशा देने की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए पूर्व मुख्य सचिव श्री मनोज कुमार सिंह (आईएएस, सेवानिवृत्त) को स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन (STC) का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। आदेश संख्या (4730/25) के माध्यम से जारी इस फैसले के अनुसार वे कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष तक इस पद का दायित्व संभालेंगे।
राज्य योजना आयोग को वर्ष 2022 में स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के रूप में पुनर्गठित किया गया था, जिसका उद्देश्य प्रदेश में दीर्घकालिक नीति निर्माण, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की दक्षता बढ़ाना तथा शासन-प्रशासन को आधुनिक दृष्टि प्रदान करना है। ऐसे में मनोज कुमार सिंह जैसे अनुभवी और दूरदर्शी अधिकारी को आयोग का नेतृत्व सौंपना राज्य सरकार के मजबूत इरादों को दर्शाता है। उनके वेतन, मानदेय एवं अन्य सुविधाओं से संबंधित आदेश अलग से जारी किए जाएंगे।
इस महत्वपूर्ण नियुक्ति पर राष्ट्रीय सनातन महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेन्द्र प्रताप सिंह ने मनोज कुमार सिंह को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने कहा—
“मनोज कुमार सिंह जी की कार्यकुशलता, पारदर्शिता और उच्च प्रशासनिक अनुभव से उत्तर प्रदेश को निश्चित ही नई दिशा मिलेगी। स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन जैसे महत्वपूर्ण मंच के शीर्ष पर उनका आना प्रदेश के विकास के लिए शुभ संकेत है। हमें विश्वास है कि उनके नेतृत्व में राज्य की नीतियों को वास्तविक धरातल पर उतारने में और अधिक गति मिलेगी।”
अध्यक्ष ने आगे यह भी कहा कि मनोज कुमार सिंह की नियुक्ति केवल एक प्रशासनिक कदम नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के भविष्य को सशक्त बनाने की दिशा में उठाया गया दूरगामी निर्णय है। उन्होंने प्रदेश सरकार व मनोज कुमार सिंह को इस महत्वपूर्ण पद के सफल संचालन व निर्णयाक भूमिका के लिए शुभकामनाए ज्ञापित की।
