रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से विविध सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों की भेंट, विकास कार्यों के लिए व्यक्त किया आभार



गोमती नगर जनकल्याण महासमिति की स्मारिका का विमोचन, क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान हेतु सौंपे गए निवेदन पत्र


दैनिक इंडिया न्यूज़ लखनऊ।देश के रक्षा मंत्री तथा लखनऊ के सांसद Rajnath Singh से उनके लखनऊ प्रवास के दौरान विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों ने उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्रीय विषयों पर विस्तृत चर्चा की। प्रतिनिधियों ने लखनऊ में निरंतर संचालित विकास कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए जनहित से जुड़े अनेक विषयों पर निवेदन प्रस्तुत किए।


राजधानी स्थित कालिदास मार्ग स्थित उनके सरकारी आवास पर आयोजित इस भेंटवार्ता में प्रतिनिधियों ने नगर के आधारभूत विकास, जनसुविधाओं के विस्तार तथा नागरिक जीवन को सुगम बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य Mukesh Sharma तथा लखनऊ की महापौर Sushma Kharkwal सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


गोमती नगर जनकल्याण महासमिति के प्रतिनिधिमंडल ने रक्षा मंत्री का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया। प्रतिनिधिमंडल में महासचिव डॉ. बी.एन. सिंह, कार्यकारी महासचिव कर्नल ए.एन. पांडे, सचिव सी.जी. नायर, संजय निगम तथा कोषाध्यक्ष पी.आर. पांडे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर गोमती नगर जनकल्याण महासमिति द्वारा प्रकाशित स्मारिका का विधिवत् विमोचन भी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के करकमलों द्वारा संपन्न हुआ, जिसे उपस्थित जनों ने गौरवपूर्ण क्षण बताया।


इसके अतिरिक्त विभिन्न सामाजिक और व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी रक्षा मंत्री से भेंट कर अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित विषयों पर चर्चा की। भेंट करने वालों में विद्युत प्रसारण निगम से वाई.के. दीक्षित, कुर्मी क्षत्रिय महासभा से डी.एम. कटियार, सिख समाज से परविंदर सिंह एवं उनके सहयोगी, मौर्य कुशवाहा महासभा से विनोद मौर्य, नीमिष नगर योजना से जुड़े प्रतिनिधिमंडल के अजय कुमार मौर्य, प्रजापति महासभा से नन्दलाल प्रजापति, व्यापारी समाज से अशोक मोतियानी तथा अनिल बजाज सहित अनेक प्रतिनिधि सम्मिलित रहे। लखनऊ मराठी समाज की ओर से उमेश कुमार पाटिल ने भी रक्षा मंत्री से शिष्टाचार भेंट कर समाज से जुड़े विषयों से उन्हें अवगत कराया।
प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न जनसमस्याओं, विकास कार्यों तथा आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के संबंध में विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक कार्यों को शीघ्र कराने का अनुरोध किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा आश्वस्त किया कि लखनऊ के समग्र और संतुलित विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

Share it via Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *