
संस्कारों से सजे रिश्ते में गूंजी मंगलकामनाएं,
हरेंद्र सिंह, प्रधान संपादक, दैनिक इंडिया न्यूज़ ने ब्यूरो चीफ उदय राज को दीं शुभकामनाएं
रतन सिंह दैनिक इंडिया न्यूज़,लखनऊ। दैनिक इंडिया न्यूज़ के वरिष्ठ और कर्मठ ब्यूरो चीफ उदय राज को उनकी वैवाहिक वर्षगांठ पर प्रधान संपादक हरेंद्र सिंह ने पावन और भावपूर्ण शुभकामनाएं प्रेषित कीं। अपने संदेश में उन्होंने उदय राज और उनकी धर्मपत्नी के आदर्श गृहस्थ जीवन की प्रशंसा करते हुए उसे श्रीराम-जानकी और शिव-पार्वती के दिव्य दांपत्य से तुलना की।
हरेंद्र सिंह ने अपने पत्र में लिखा, “जैसे श्रीराम-जानकी का आदर्श दांपत्य, जैसे शिव-पार्वती का अखंड प्रेम और समर्पण—वैसे ही आपका जीवन बना रहे धर्म, प्रेम और सेवा का प्रतीक। आप दोनों का साथ सदैव सत्य, शांति, करुणा और संयम से परिपूर्ण रहे, और आपका गृहस्थ जीवन गंगा की धारा-सा पवित्र बना रहे।”
उन्होंने यह भी कहा कि उदय राज का पारिवारिक जीवन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। “आपका प्रेम गीता के उपदेशों जैसा अडिग हो और आपके संबंधों में रामचरितमानस की मर्यादा सदा विद्यमान रहे। प्रभु श्रीहरि और माता लक्ष्मी की कृपा से आपके जीवन में सदैव सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और संतोष बना रहे,” उन्होंने प्रार्थना करते हुए कहा।
हरेंद्र सिंह ने अंत में ‘सदा सौभाग्यवती भवः’ और ‘आपका दांपत्य जीवन श्रीराम-सियावर जैसा आदर्शमय हो’ जैसे मंगलवाक्य अर्पित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य हेतु ईश्वर से निरंतर प्रार्थना की।
इस शुभ अवसर पर संस्थान से जुड़े अन्य सहयोगियों ने भी उदय राज और उनकी धर्मपत्नी को शुभकामनाएं प्रेषित कीं और उनके दीर्घायु, यशस्वी एवं आनंदमय दांपत्य जीवन की कामना की।