
दिल्ली विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित

राष्ट्रीय सनातन महासंघ के अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह ने दी बधाई

दैनिक इंडिया न्यूज़ ,लखनऊ। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त कर राजधानी लखनऊ ने एक बार फिर उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया। शुक्रवार को जब लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल दिल्ली से सम्मान प्राप्त कर नगर निगम मुख्यालय पहुंचीं, तो उनका भव्य स्वागत किया गया।
दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महापौर सुषमा खर्कवाल को यह सम्मान प्रदान किया। इसके पश्चात नगर निगम मुख्यालय पर आयोजित अभिनंदन समारोह में अपर नगर आयुक्त नम्रता सिंह, अरुण कुमार गुप्त, सीटीएओ अशोक सिंह, विनय कुमार राय, जोन-2 की जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी, पार्षदगण, निगम कर्मियों के संगठन पदाधिकारी, कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सनातन महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह ने महापौर सुषमा खर्कवाल को बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा, “यह सफलता लखनऊ के प्रत्येक नागरिक के योगदान और स्वच्छता कर्मियों के सतत परिश्रम का प्रतिफल है। स्वच्छता ईश्वर की सेवा के समकक्ष है, महापौर और नगर निगम टीम का यह प्रयास सराहनीय है।”
महापौर सुषमा खर्कवाल ने भी लखनऊवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान नगर निगम के कर्मठ कर्मचारियों, जागरूक नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी स्वच्छता और हरित वातावरण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।