
अप्प दीपो भव’— भगवान बुद्ध का संदेश आज भी विश्व को प्रकाश दे रहा है
दैनिक इंडिया न्यूज़,नई दिल्ली, 11 मई 2025
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुद्ध पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान बुद्ध की शिक्षाओं को मानवता के लिए कालजयी मार्गदर्शक बताया।
अपने संदेश में उन्होंने कहा:
“‘अप्प दीपो भव’— स्वयं दीप बनो।
वैशाख शुक्ल पूर्णिमा, जिसे ‘बुद्ध पूर्णिमा’ या ‘वेसाक’ के नाम से जाना जाता है, भगवान बुद्ध के अवतरण, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण – तीनों ही दिव्य घटनाओं का पवित्र दिवस है। यह दिन न केवल आध्यात्मिक चेतना का स्मरण है, बल्कि आत्मजागरण, करुणा और समता की प्रेरणा भी देता है।”
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि भगवान बुद्ध ने ध्यान और आत्मसाधना के माध्यम से आत्मदीप की अनुभूति कर लोकमंगल के मार्ग को प्रशस्त किया। उनका जीवन और उपदेश मानव मात्र के लिए अहिंसा, दया, प्रेम, करुणा और क्षमा का अमर संदेश हैं।
“बुद्ध का धर्म चक्र केवल ज्ञान का प्रतीक नहीं, बल्कि समस्त मानवता के कल्याण की यात्रा है। उनकी शिक्षाएं आज भी शांति, सहअस्तित्व और करुणा की दिशा में पथ प्रदर्शक हैं।”
बुद्ध पूर्णिमा के इस पुण्य अवसर पर श्री बिरला ने सभी देशवासियों से आग्रह किया कि वे भगवान बुद्ध की शिक्षाओं को आत्मसात कर आत्मविकास और लोककल्याण के पथ पर आगे बढ़ें।