
रक्षामंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं को दिया सेवा का संदेश, केजीएमयू पहुंचकर वरिष्ठ नेता का हालचाल भी लिया

दैनिक इंडिया न्यूज,लखनऊ।रक्षामंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने कहा कि जिस कुर्सी पर हम बैठे हैं, वह सत्ता का सुख भोगने की कुर्सी नहीं है, बल्कि सेवा की चौकी है। इसी भाव के साथ हमें कार्य करना चाहिए।

उन्होंने कहा, “आप सभी कार्यकर्ता अपना पसीना बहाकर पार्टी की प्रतिष्ठा बढ़ाते हैं, इसलिए मैं हर कार्यकर्ता का सम्मान करता हूं। कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं। उनके बल पर भाजपा भारत ही नहीं, दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है।”

राजनाथ सिंह शनिवार को मध्य विधानसभा के रामलीला ग्राउंड स्थित मानस भवन में प्रबुद्धजनों और मंडल कार्यकर्ताओं के संवाद कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, “सभी जनप्रतिनिधियों से मेरा आग्रह है कि जब कोई कार्यकर्ता उनके पास आए तो उसका पूरा सम्मान करें। कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान से बढ़कर कुछ नहीं होता। कोई यह नहीं कह सकता कि दिल्ली आकर भी उसे सम्मान और समय न मिला हो।”
कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं
कार्यक्रम के दौरान अतुल दीक्षित ने रक्षा मंत्री से संवाद किया। अमरनाथ अग्रवाल ने व्यापारियों की ओर से धन्यवाद देते हुए कहा कि भाजपा सरकार में गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार और लूट से व्यापारियों को राहत मिली है। सचिन कंछल ने लखनऊ में बन रही आईटी सिटी में बड़ी कंपनियों को आमंत्रित करने का प्रस्ताव रखा।
हरिलाल धानुक ने धानुक समाज के श्मशान घाट के जीर्णोद्धार की मांग की, जिस पर रक्षा मंत्री के निर्देश पर महापौर सुषमा खर्कवाल ने शीघ्र कार्य कराने का आश्वासन दिया।
केजीएमयू पहुंचे रक्षा मंत्री, वरिष्ठ नेता से मिले

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भाजपा के वरिष्ठ नेता विश्वासिनी कुमार का हालचाल लेने शनिवार दोपहर करीब एक बजे किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी पहुंचे। 77 वर्षीय विश्वासिनी कुमार को संक्रमण के कारण ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, बाद में उन्हें गांधी वार्ड के मेडिकल इंटेंसिव केयर यूनिट (एमआईसीयू) में शिफ्ट किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उनका वेंटिलेटर हटा दिया गया है और किडनी का संक्रमण भी धीरे-धीरे कम हो रहा है।
रक्षा मंत्री ने डॉक्टरों से उनकी स्थिति की पूरी जानकारी ली। बाद में कुलपति कार्यालय में विश्वासिनी कुमार के परिजनों से भेंट कर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इस दौरान उनकी बेटी जयती श्रीवास्तव, दामाद अनूप शर्मा, बेटे देवेश कुमार और विश्वेश कुमार, चाचा राजेंद्र कुमार समेत परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह, मुकेश शर्मा, रामचंद्र प्रधान, विधायक ओपी श्रीवास्तव, रजनीश गुप्ता, राम अवतार कनौजिया, रमेश तूफानी, मनोज रस्तोगी, डॉ. राजीव लोचन,प्रवीण गर्ग, नरेंद्र सिंह देवड़ी, सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।