दैनिक इंडिया न्यूज, मऊ।
नगर पंचायत के एक वार्ड में नौ वर्षीय बालिका से छेड़खानी के आरोप में फरार चल रहे युवक को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ शुक्रवार की शाम मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद से वह फरार था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर दी थी कि उसकी नौ वर्षीय पुत्री से 10 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे एक युवक ने छेड़खानी की। पीड़िता के पिता की नामजद तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 324/25 बीएनएस की धारा 75(2) व 9एम/10 पाक्सो एक्ट के तहत दर्ज किया था।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस को शनिवार की दोपहर मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी पाती रोड स्थित गांधी मैदान के आगे चौराहे के पास मौजूद है। सूचना पर उपनिरीक्षक नीरज कुमार यादव हमराह सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा।
पुलिस ने आरोपी की पहचान पाती गांव निवासी राजेंद्र कुमार पुत्र स्वर्गीय लक्षन प्रसाद के रूप में की है। गिरफ्तार आरोपी का चालान न्यायालय भेज दिया गया है।
