यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, क्षेत्रीय कार्यालय मऊ द्वारा मेगा क्रेडिट कैंप का सफल आयोजन


दैनिक इंडिया न्यूज़ , मऊ। जनपद के आर्थिक सशक्तिकरण और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, क्षेत्रीय कार्यालय मऊ के तत्वावधान में मेगा क्रेडिट कैंप का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति एवं वितरण पत्र प्रदान किए गए।


कैंप के उपरांत अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) ने जानकारी दी कि सभी बैंकों को मिलाकर कुल 445 लाभार्थियों को लगभग 14.45 करोड़ रुपये का ऋण स्वीकृत एवं वितरित किया गया। यह पहल न केवल आर्थिक सहायता का माध्यम बनी, बल्कि जिले में उद्यमिता और आत्मनिर्भरता की भावना को भी सुदृढ़ करने वाली सिद्ध हुई।


कार्यक्रम में विशेष रूप से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत युवाओं को अपना व्यवसाय प्रारंभ करने हेतु प्रोत्साहित किया गया। बैंक अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के माध्यम से युवाओं को वित्तीय संबल प्रदान कर उन्हें रोजगार खोजने वाले से रोजगार सृजित करने वाले के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।


यूनियन बैंक के क्षेत्रीय अधिकारियों ने कहा कि बैंक जनपद के समग्र आर्थिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के क्रेडिट कैंप भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न शाखाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे। मेगा क्रेडिट कैंप का आयोजन जनपद में वित्तीय समावेशन और उद्यमिता संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share it via Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *