
दैनिक इंडिया न्यूज़, मऊ।लोक आस्था के महापर्व डाला छठ के अवसर पर सोमवार की शाम श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। नगर पंचायत मधुबन से लेकर ग्रामीण अंचलों तक हजारों श्रद्धालु महिलाएं जलाशयों के छठ घाटों पर पहुंचीं और जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया।
सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही ब्रती महिलाओं ने अपने परिवार और समाज की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य एवं मंगल की कामना की। दिनभर निराजल व्रत रखने के बाद महिलाएं संध्या समय पारंपरिक साज-सज्जा और लोकगीतों के बीच छठ घाटों की ओर रवाना हुईं। हर घाट पर दीपों की पंक्तियां और भक्ति गीतों की गूंज से माहौल दिव्य बन गया।
नगर पंचायत मधुबन सहित ह्रदयपट्टी, कटघरा शंकर, सिपाह, दुबारी, गंगऊपुर, तिनहरी, मलकौली, हकारीपुर, जजौली, रसुलपुर गौतम आदि छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की अपार भीड़ रही। स्थानीय प्रशासन ने भी पूरी मुस्तैदी से सुरक्षा और प्रकाश की व्यवस्था की थी। उपजिलाधिकारी राजेश अग्रवाल, क्षेत्राधिकारी अभय कुमार सिंह तथा प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह स्वयं क्षेत्र का निरीक्षण करते रहे ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
छठ पर्व का अंतिम दिन मंगलवार को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर मनाया जाएगा। इसी के साथ ब्रती महिलाओं का कठिन निराजल व्रत संपन्न होगा और एक बार फिर यह पर्व लोक आस्था और भारतीय संस्कृति की अद्भुत जीवंतता का संदेश देगा।
