
दैनिक इंडिया न्यूज़, लखनऊ।मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 11 दिसंबर तक बढ़ाए जाने के बाद प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने केसरबाग स्थित रानी लक्ष्मी बाई वार्ड में व्यापक जनसंपर्क कर घर-घर लोगों को गणना प्रपत्र भरकर समय पर जमा करने के लिए प्रेरित किया।

अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए भाजपा केसरबाग कार्यालय में विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों, अभियान संयोजकों और मंडल अध्यक्षों के साथ विस्तृत रणनीतिक बैठक की गई। इसके पश्चात पार्षदों के साथ वर्चुअल बैठक भी हुई, जिसमें वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नीरज सिंह भी मौजूद रहे।

प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी मतदाता पुनरीक्षण अभियान को पूर्ण गंभीरता से संचालित कर रही है। “हमारा उद्देश्य है कि हर पात्र नागरिक तक पहुंचकर उसे फार्म भरने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि तय समय में त्रुटि-रहित मतदाता सूची तैयार हो। लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा तभी संभव है जब प्रत्येक पात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज हो,” उन्होंने कहा।
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने जोर देते हुए कहा कि पारदर्शी और निष्पक्ष मतदाता सूची के लिए भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को फार्म भरने और जमा करने के लिए जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “घुसपैठियों और अपात्र व्यक्तियों के नाम सूची से हटना और पात्र लोगों के नाम जुड़ना अत्यंत आवश्यक है। यही कारण है कि हम लगातार क्षेत्रीय संपर्क बढ़ा रहे हैं। अभियान की सफलता को देखकर विपक्ष अपनी संभावित हार से विचलित है।”
मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग ने बताया कि जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय महामंत्री नीरज, विपिन सोनकर, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र मिश्रा, महामंत्री अंकित गुप्ता, दीपक सोनकर शैलू, विजय भुर्जी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
