वर्तमान बजट प्रदेश और राष्ट्र को विकास के शिखर पर ले जाएगा: केशव प्रसाद मौर्य


यूनियन बजट 2026–27 व्यापारी सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री का उद्बोधन


दैनिक इंडिया न्यूज़,लखनऊ, 9 फरवरी 2026।
भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ, लखनऊ महानगर के तत्वावधान में विश्वेश्वरैया प्रेक्षागृह में आयोजित ‘यूनियन बजट 2026–27 व्यापारी सम्मेलन’ में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि किसी भी बजट का मूल उद्देश्य देश को दीर्घकालिक, समावेशी एवं सतत विकास की दिशा में अग्रसर करना होता है। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है तथा देश का विदेशी मुद्रा भंडार सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुँच गया है, जो आर्थिक सुदृढ़ता का स्पष्ट प्रमाण है।


उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारत आज विश्व के तकनीकी रूप से अग्रणी देशों के साथ रणनीतिक एवं व्यापारिक समझौते कर रहा है। वर्तमान बजट का सूक्ष्म अवलोकन करने पर स्पष्ट होता है कि यह हर वर्ग को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करने वाला बजट है। उन्होंने व्यापारियों से आह्वान किया कि राष्ट्रहित में स्वदेशी वस्तुओं के क्रय-विक्रय को जीवन का अभिन्न अंग बनाएं। इसी क्रम में उन्होंने नारा दिया—
“जब बाजार जाएंगे, माल स्वदेशी ही लाएंगे।”
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यदि किसी प्रदेश में व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित न हो, तो वहाँ व्यापार का विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार के समय प्रदेश में व्यापारी वर्ग असुरक्षा की भावना से ग्रस्त था—न पूंजी सुरक्षित थी, न परिवार। किंतु आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सशक्त शासन में उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ नागरिकों की सुरक्षा की गारंटी सुनिश्चित हुई है।
उन्होंने कहा कि देश प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की ओर तीव्र गति से अग्रसर है और विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था बनने का मुकाम प्राप्त कर चुका है। ओपन ट्रेड डील्स के माध्यम से अमेरिका, यूरोप एवं अन्य देशों के साथ व्यापार के नए द्वार खुले हैं। उत्तर प्रदेश में औद्योगिक क्रांति का सूत्रपात हो चुका है और अभूतपूर्व निवेश आ रहा है। उन्होंने लखनऊ के व्यापारियों से आह्वान किया कि वे वैश्विक बाजारों में अपने उत्पादों की उपस्थिति दर्ज कराने के लिए अभी से तैयारी करें—डबल इंजन की सरकार पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व में वैट प्रणाली के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न होता था। जीएसटी लागू होने के बाद प्रारंभिक कठिनाइयों के बावजूद आज कर दरों को युक्तिसंगत बनाया गया है, जिससे व्यापारी ईमानदारी से व्यापार करें और पारदर्शी कर व्यवस्था में सहभागी बनें। इसका परिणाम है कि भारत आज आत्मनिर्भरता की दिशा में तेज़ी से बढ़ते हुए आर्थिक महाशक्ति बन रहा है।
उन्होंने कहा कि आज विपक्षी दल व्यापारियों को भाजपाई कहकर संबोधित करते हैं और यह हमारे लिए गर्व का विषय है, क्योंकि प्रतिकूल परिस्थितियों में भी व्यापारी वर्ग ने कमल का साथ दिया है। उन्होंने प्रयागराज कुंभ, अयोध्या, काशी, मथुरा एवं अन्य तीर्थ स्थलों का उल्लेख करते हुए कहा कि वहाँ 100 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं का आगमन हुआ, जिससे स्थानीय व्यापार को व्यापक प्रोत्साहन मिला।
केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर प्रहार करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में “फूट डालो और राज करो” की नीति अपनाई गई। प्रधानमंत्री द्वारा 2047 में विकसित भारत के लक्ष्य की घोषणा यह स्पष्ट करती है कि आने वाले दशकों में न देश में कांग्रेस और न प्रदेश में समाजवादी पार्टी की वापसी संभव है। उन्होंने पीडीए पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह परिवार डेवलपमेंट एजेंसी से अधिक कुछ नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा अगड़ी, पिछड़ी और अनुसूचित जातियों की सामाजिक त्रिवेणी है और “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र पर कार्य करती है। जिन लोगों ने वोट नहीं दिया, उन्हें भी सरकार की योजनाओं—आवास, आयुष्मान कार्ड सहित—का समान रूप से लाभ मिल रहा है।
उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि लखनऊ की सभी सीटों पर कमल खिलेगा और प्रदेश में 325 से अधिक सीटों के साथ ऐतिहासिक विजय का लक्ष्य प्राप्त किया जाएगा।
सम्मेलन के अति विशिष्ट अतिथि, नोएडा विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान बजट संस्कृति से समृद्ध एवं विकसित भारत–2047 की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। बजट में संचार एवं परिवहन पर विशेष बल दिया गया है, 10,000 करोड़ रुपये का ग्रोथ फंड, पूंजीगत व्यय में 9 प्रतिशत की वृद्धि तथा रक्षा क्षेत्र में 7.8 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान सरकार की दूरदृष्टि को दर्शाता है।
कार्यक्रम में लखनऊ महानगर भाजपा अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि वर्तमान बजट देश के व्यापारी वर्ग को विकास की अग्रिम पंक्ति में खड़ा करेगा। व्यापारी सम्मेलन के संयोजक एवं भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ अध्यक्ष अभिषेक खरे ने व्यापारी समाज की सुरक्षा, राहत एवं व्यापारिक सुगमता से संबंधित पाँच सूत्रीय ज्ञापन मुख्य अतिथि को सौंपते हुए स्वदेशी के अधिकाधिक उपयोग पर बल दिया।
मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग ने बताया कि सम्मेलन में विनीत अग्रवाल शारदा (प्रदेश संयोजक व्यापार प्रकोष्ठ), मनीष गुप्ता (सह-संयोजक), सुधीर हलवासिया, अजय त्रिपाठी, संदीप बंसल, घनश्याम अग्रवाल, टिंकू सोनकर सहित राजधानी के विभिन्न व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Share it via Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *