केंद्रीय बजट को लेकर प्रभारी मंत्री की प्रेस वार्ता, जिले से लेकर देश के समग्र विकास की ऐतिहासिक रूपरेखा बताया बजट


दैनिक इंडिया न्यूज़, मऊ।केंद्रीय बजट को लेकर जनपद के प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए इस बजट को जिले, प्रदेश एवं देश के समग्र, संतुलित और दीर्घकालिक विकास के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट युवा शक्ति, नारी सशक्तिकरण और विकसित भारत की संकल्पना को सुदृढ़ आधार प्रदान करता है, जिसमें किसानों, महिलाओं तथा मध्यम वर्ग के हितों का विशेष रूप से ध्यान रखा गया है।
प्रेस वार्ता के दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्रीय बजट के माध्यम से उत्तर प्रदेश को परिवहन एवं बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। दिल्ली–वाराणसी तथा वाराणसी–सिलीगुड़ी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर से न केवल व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी, बल्कि पर्यटन को भी अभूतपूर्व प्रोत्साहन प्राप्त होगा। इसके साथ ही वाराणसी में प्रस्तावित इनलैंड वॉटरवेज शिप रिपेयर पोर्ट से जल परिवहन को नई मजबूती मिलेगी और रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
कृषि क्षेत्र पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि भारत विस्तार एआई जैसे आधुनिक डिजिटल टूल्स के माध्यम से किसानों को फसल, मौसम और सरकारी योजनाओं से जुड़ी सटीक एवं समयबद्ध जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। डिजिटल पंजीकरण प्रणाली से सब्सिडी और ऋण वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। साथ ही उच्च मूल्य वाली फसलों, पशुपालन एवं कृषि आधारित उद्यमों को विशेष प्रोत्साहन प्रदान किया गया है।
शिक्षा एवं कौशल विकास को लेकर प्रभारी मंत्री ने कहा कि बजट में प्रत्येक जिले में बालिका छात्रावास, एवीजीसी लैब्स तथा युवाओं के लिए आधुनिक प्रशिक्षण एवं कौशल विकास योजनाओं की व्यवस्था की गई है, जिससे आत्मनिर्भर युवा भारत की नींव और मजबूत होगी।
स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए प्रावधानों की चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि नए आयुर्वेद संस्थानों की स्थापना तथा कैंसर की दवाओं पर सीमा शुल्क समाप्त किए जाने से आम नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। यह निर्णय स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और किफायती बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
महिला सशक्तिकरण के संदर्भ में प्रभारी मंत्री ने कहा कि सी-मार्ट, लखपति दीदी योजना तथा केयर गिवर प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि यह बजट उत्तर प्रदेश को आर्थिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक रूप से नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य, सुनील कुमार गुप्त, बजरंगी सिंह, नूपुर अग्रवाल, संगीता द्विवेदी, मीडिया प्रभारी कृष्ण कांत राय, राघवेंद्र शर्मा, आकाश मल्ल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share it via Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *