लोकतंत्र में प्रत्येक मत का महत्व : डॉ नीरज सिंह


दैनिक इंडिया न्यूज़ लखनऊ।भारतीय जनता पार्टी लखनऊ महानगर द्वारा संचालित मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान को सशक्त बनाने हेतु वरिष्ठ नेता डॉ नीरज सिंह ने सक्रिय सहभागिता निभाई। गोमतीनगर स्थित छोटी जुगौली बुद्ध मंदिर परिसर में आयोजित बूथ स्तरीय मतदाता पंजीकरण शिविर में उपस्थित रहकर उन्होंने संगठनात्मक कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।


विश्व सामाजिक न्याय दिवस की पूर्व संध्या पर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएँ देते हुए डॉ सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत की निर्णायक भूमिका होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक पात्र नागरिक का पहचान-पत्र समयबद्ध रूप से बनना सुनिश्चित करना संगठन की प्राथमिकता है, जिससे भविष्य में किसी मतदाता को निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं ने पंजीकरण कर अपनी लोकतांत्रिक भागीदारी सुनिश्चित की।


मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग के अनुसार अभियान के दौरान मध्य विधानसभा के उपविजेता रजनीश गुप्ता, अभियान संयोजक चेतन बिष्ट, उपाध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल, विधानसभा संयोजक विजय भुर्जी, मंडल अध्यक्ष एस.पी. कंछल, कुंदन सिंह गौतम सहित अनेक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। अभियान के प्रति नागरिकों का उत्साह लोकतांत्रिक जागरूकता का सशक्त संकेत रहा।

Share it via Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *