होलिका दहन: अनीति पर नीति की अनश्वर विजय का दिव्य प्रतीक

दैनिक इंडिया न्यूज़ ,लखनऊ। राष्ट्रीय सनातन महासंघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह ने पावन होलिका दहन के अवसर पर समस्त राष्ट्रवासियों को होली की अग्रिम शुभकामनाएँ अर्पित करते हुए कहा कि यह पर्व केवल उत्सव का नहीं, अपितु अधर्म पर धर्म, अनीति पर नीति तथा अहंकार पर सत्य की शाश्वत विजय का दैदीप्यमान प्रतीक है।


उन्होंने अपने संदेश में प्रतिपादित किया कि इतिहास साक्षी है—जब-जब दुराचार, दुष्प्रवृत्ति और अन्याय ने समाज को आच्छादित करने का प्रयास किया, तब-तब नीति, सत्यनिष्ठा और सदाचार की दिव्य ज्योति ने उसे पराजित कर मानवता का पथ आलोकित किया है। अतः प्रत्येक नागरिक का यह नैतिक दायित्व है कि वह जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सत्य, संयम और सद्भाव का अवलंबन करे।
श्री सिंह ने कहा कि होलिका दहन की पावन अग्नि हमें आत्मशुद्धि, आत्मबल और आत्मसंयम का संदेश प्रदान करती है। यह अवसर है कि हम अपने अंतःकरण से द्वेष, ईर्ष्या और कुत्सित प्रवृत्तियों का दहन कर, राष्ट्रोत्थान और सांस्कृतिक गौरव के संकल्प को दृढ़ करें।
अंत में उन्होंने समस्त देशवासियों के लिए समृद्धि, सौहार्द और आध्यात्मिक उन्नयन की मंगलकामना करते हुए कहा कि यह पर्व प्रत्येक परिवार के जीवन में नवीन ऊर्जा, सकारात्मक चेतना और नैतिक दृढ़ता का संचार करे।

Share it via Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *