
दैनिक इंडिया न्यूज़, लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी लखनऊ महानगर द्वारा संगठनात्मक सुदृढ़ता और वैचारिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के चार मंडलों में आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर का अत्यंत सफल और उत्साहपूर्ण समापन हुआ।

इन शिविरों में पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यपद्धति, वैचारिक अधिष्ठान और बूथ स्तर तक संगठन को सुदृढ़ बनाने की रणनीतियों से अवगत कराया गया। प्रारंभ से ही प्रशिक्षण शिविरों का वातावरण अनुशासन, ऊर्जा और राष्ट्रसेवा के संकल्प से ओतप्रोत दिखाई दिया, जिसने कार्यकर्ताओं के मन में संगठन के प्रति नई चेतना और उत्साह का संचार किया।
प्रशिक्षण शिविर के विविध सत्रों में भारतीय जनता पार्टी की कार्यपद्धति, संगठन विस्तार की रणनीति, बूथ प्रबंधन की सूक्ष्मताओं तथा सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर विस्तारपूर्वक विमर्श किया गया।

वक्ताओं ने इस बात पर विशेष बल दिया कि सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के साथ निरंतर संवाद स्थापित करना ही संगठन को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। साथ ही बूथ स्तर पर आयोजित होने वाले स्थायी कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीतियों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

इन सत्रों में कार्यकर्ताओं को केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, ऐतिहासिक उपलब्धियों और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के विषय में भी विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इन योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाएं, जिससे सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों का वास्तविक लाभ हर नागरिक तक सुनिश्चित हो सके। इस संवाद ने कार्यकर्ताओं को केवल जानकारी ही नहीं दी, बल्कि उन्हें जनसेवा के लिए और अधिक प्रेरित भी किया।

प्रशिक्षण शिविरों में वक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि मजबूत बूथ ही मजबूत संगठन की आधारशिला है और पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की वास्तविक शक्ति का प्रतीक है। कार्यकर्ताओं से अपेक्षा की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन की विचारधारा, सेवा भाव और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर सक्रिय और समर्पित बने रहें।
विभिन्न सत्रों में अनेक वरिष्ठ नेताओं ने अपनी उपस्थिति से प्रशिक्षण शिविर को गरिमा प्रदान की। विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा ने उत्तर विधानसभा के उद्घाटन सत्र तथा सरोजिनी नगर मंडल-1 के समापन सत्र को संबोधित करते हुए संगठनात्मक अनुशासन और जनसेवा की भावना को रेखांकित किया। वहीं विधायक डॉ. नीरज बोरा ने उत्तर मंडल-1 के समापन तथा पश्चिम मंडल-1 के उद्घाटन सत्र में कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देते हुए संगठन की निरंतर सक्रियता और जनसंपर्क की आवश्यकता पर बल दिया।

इसी क्रम में प्रदेश मंत्री शंकर लाल लोधी ने सरोजिनी नगर दक्षिण मंडल के द्वितीय सत्र में अपने विचार रखते हुए कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। वहीं पूरब विधानसभा के मंडल-2 में सुधीर शंकर हलवासिया, उत्तर मंडल-1 के द्वितीय सत्र में आलोक सिंह, पश्चिम विधानसभा के मंडल-1 में अंजनी श्रीवास्तव तथा सरोजिनी नगर में रजनीश गुप्ता ने मुख्य वक्ता के रूप में प्रशिक्षण सत्रों को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया और संगठनात्मक कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने की रणनीतियों पर प्रकाश डाला।
भाजपा लखनऊ महानगर के मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग ने बताया कि इन प्रशिक्षण शिविरों में प्रदेश, अवध क्षेत्र और महानगर के पदाधिकारीगण, मंडल अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, वार्ड अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को पूर्ण निष्ठा और उत्साह के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया।
इन प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश सामने आया कि भारतीय जनता पार्टी केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि वह संगठन, विचार और सेवा के त्रिवेणी सूत्र के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक अपनी उपस्थिति सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। लखनऊ महानगर में सम्पन्न हुए ये प्रशिक्षण शिविर संगठनात्मक ऊर्जा और कार्यकर्ता समर्पण के ऐसे प्रेरक उदाहरण बनकर उभरे हैं, जो आने वाले समय में संगठन की शक्ति को और अधिक प्रखर बनाएंगे।
