नारी शक्ति के सम्मान का भव्य उत्सव : अरुणिमा वेलफेयर फाउंडेशन ने मनाया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस, ‘महिला सशक्ति सम्मान-2026’ से महिलाओं का अभिनंदन

दैनिक इंडिया न्यूज़, लखनऊ।अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के पावन अवसर पर राजधानी के इंदिरा नगर सेक्टर-12 स्थित गौतम बुद्ध पार्क में अरुणिमा वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा एक भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। मातृशक्ति के सम्मान और महिला सशक्तिकरण के संदेश से ओतप्रोत इस आयोजन में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनके प्रेरणादायी कार्यों का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, आत्मीयता और सामाजिक चेतना की ऊर्जा से अनुप्राणित दिखाई दिया, जहाँ उपस्थित जनसमूह ने नारी शक्ति के गौरव को उत्साहपूर्वक नमन किया।

समारोह में सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या श्रीमती रीति कुशवाहा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ समाजसेवी श्री मनीष मेहरा तथा इंदिरा नगर की पार्षद श्रीमती पूजा जैसवानी, इला मिश्रा,सहित अनेक गणमान्य महिला अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।

अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आधुनिक समाज के निर्माण में महिलाओं की सहभागिता केवल आवश्यक ही नहीं, बल्कि अनिवार्य है।
इस प्रेरणादायी आयोजन का संयोजन अरुणिमा वेलफेयर फाउंडेशन की अध्यक्षा श्रीमती सुमिता तिवारी (एडवोकेट) के नेतृत्व में अत्यंत सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक क्षेत्र में मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी ही वास्तविक सामाजिक प्रगति का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने यह भी कहा कि जब महिलाएँ आत्मविश्वास, शिक्षा और नेतृत्व की भावना के साथ आगे बढ़ती हैं, तब समाज के समग्र विकास की गति स्वतः तीव्र हो जाती है और एक सशक्त एवं जागरूक राष्ट्र का निर्माण संभव होता है।

कार्यक्रम की सफलता में श्रीमती जिया मिश्रा का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने आयोजन को सुव्यवस्थित और प्रभावशाली बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को ‘महिला सशक्ति सम्मान-2026’ से अलंकृत किया गया। इस सम्मान से श्रीमती प्राची श्रीवास्तव, श्रीमती नमिता पांडे, श्रीमती शीलू श्रीवास्तव और श्रीमती शिवरानी को सम्मानित किया गया, जिनकी उपलब्धियों को उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गूंज के साथ सराहा।

समारोह के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों और महिलाओं ने नारी शक्ति के सम्मान, समान अवसर और सामाजिक जागरूकता के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया। यह आयोजन न केवल महिला सशक्तिकरण का संदेश देने में सफल रहा, बल्कि समाज में नारी गरिमा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सहभागिता के प्रति नई चेतना का सशक्त संचार भी करता दिखाई दिया।

Share it via Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *