
दैनिक इंडिया न्यूज़,लखनऊ। लखनऊ के सांसद एवं देश के केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार, 9 जनवरी को अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ के एकदिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे औद्योगिक विकास और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण परियोजना को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार प्रातः 11:10 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, लखनऊ पहुंचेंगे। एयरपोर्ट आगमन के उपरांत वे सीधे सरोजिनी नगर स्थित अशोक लीलैंड की अत्याधुनिक ईवी (इलेक्ट्रिक व्हीकल) मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री पहुंचेंगे, जहां वे भव्य लोकार्पण कार्यक्रम में सहभाग करेंगे।
यह ईवी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट न केवल औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देगी, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी सशक्त आधार प्रदान करेगी। कार्यक्रम में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति प्रस्तावित है।
कार्यक्रम संपन्न होने के पश्चात रक्षा मंत्री अपराह्न 1:30 बजे कार्यक्रम स्थल से लखनऊ एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे तथा 1:45 बजे लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
रक्षा मंत्री का यह दौरा लखनऊ के औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और हरित प्रौद्योगिकी को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
