लखनऊ में सेवा ज्योति यात्रा रवाना, विकसित भारत-2047 का संकल्प; स्टार्टअप, कनेक्टिविटी, गरीब कल्याण से सेमीकंडक्टर तक गिनाईं उपलब्धियां, विधानसभा चुनाव पर भी दिया सियासी संकेत

दैनिक इंडिया न्यूज़, नई दिल्ली।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर लखनऊ में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ ने सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के राजनीतिक विमर्श को एक बार फिर केंद्र में ला दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सेवा ज्योति यात्रा को विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना करते हुए कहा कि गुजरात के एक छोटे गांव से शुरू हुई यह सार्वजनिक यात्रा अब ‘गांव से ग्लोबल’ तक पहुंच चुकी है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को भारत में विश्वास पैदा करने, ‘सबका साथ-सबका विकास’ को धरातल पर उतारने और देश को वैश्विक स्तर पर समर्थ राष्ट्र के रूप में स्थापित करने की यात्रा बताया। कार्यक्रम में विकसित भारत-2047 के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया गया और प्रधानमंत्री तथा भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन के संबोधन का सीधा प्रसारण भी हुआ।

योगी ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच गुजरात को मॉडल स्टेट बनाने की यात्रा शुरू की। उनके मुताबिक आज वही यात्रा देश के आर्थिक और तकनीकी बदलावों तक पहुंच चुकी है। मुख्यमंत्री ने ढाई लाख से अधिक स्टार्टअप, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर, रेलवे के आधुनिकीकरण, वंदे भारत-अमृत भारत-नमो भारत जैसी सेवाओं, हवाई संपर्क के विस्तार तथा हाईवे-एक्सप्रेसवे नेटवर्क का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अब उन क्षेत्रों में भी आगे बढ़ रहा है, जहां कभी उसे दूसरे देशों पर निर्भर रहना पड़ता था। सेमीकंडक्टर, रक्षा विनिर्माण, स्वास्थ्य, शिक्षा और उभरती प्रौद्योगिकी को उन्होंने बदलते भारत की नई तस्वीर से जोड़ा।

गरीब कल्याण की योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन, गरीबों के लिए आवास और रसोई गैस कनेक्शन जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं तथा जनधन खातों और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण ने सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाने की व्यवस्था मजबूत की है। उत्तर प्रदेश की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की पहचान अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन’ से बन रही है। जीपीओ पार्क में सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि और ‘जन सेवा से देश सेवा’ प्रदर्शनी के अवलोकन के बाद सेवा ज्योति कलश और मशाल लेकर कार्यकर्ता विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना हुए।
कार्यक्रम का सबसे स्पष्ट राजनीतिक संदेश मुख्यमंत्री की उस टिप्पणी में सामने आया, जिसमें उन्होंने हालिया राज्यसभा चुनाव को आगामी विधानसभा चुनाव की दिशा का संकेत बताया। योगी ने कहा कि लड़ाई फिर ‘80 और 20’ की ओर बढ़ रही है और इसे 80 प्रतिशत एनडीए तथा 20 प्रतिशत पीडीए के राजनीतिक समीकरण से जोड़ा। इस तरह सेवा संकल्प अभियान के मंच से जहां मोदी के 25 वर्षों की सार्वजनिक यात्रा को राष्ट्र निर्माण की कथा के रूप में प्रस्तुत किया गया, वहीं उत्तर प्रदेश की आगामी चुनावी राजनीति का संकेत भी साफ तौर पर सामने रख दिया गया।