मध्याह्न भोजन में निर्धारित मेन्यू, गुणवत्तापूर्ण सामग्री और स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश; विद्यार्थियों से संवाद कर परखी शैक्षणिक गतिविधियां

दैनिक इंडिया न्यूज़, मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने शनिवार को कंपोजिट विद्यालय गालिबपुर का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षण व्यवस्था एवं मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में विद्यार्थियों से संवाद कर पठन-पाठन की स्थिति जानी तथा शिक्षकों को शिक्षण कार्य प्रभावी, रुचिकर एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर विशेष ध्यान देने और विद्यालय में अनुकूल शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी ने विद्यालय के रसोईघर का निरीक्षण करते हुए निर्देशित किया कि बच्चों को प्रतिदिन निर्धारित मेन्यू के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराया जाए। भोजन निर्माण में गुणवत्तापूर्ण सामग्री के उपयोग के साथ स्वच्छता एवं रसोईघर की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने संबंधित शिक्षकों एवं कर्मचारियों को विद्यालय में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।