मतदाता पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर, घर-घर संपर्क कर पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश

दैनिक इंडिया न्यूज़, नई दिल्ली। भाजपा लखनऊ महानगर ने संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और आगामी दायित्वों के प्रभावी निर्वहन के उद्देश्य से महिला मोर्चा एवं किसान मोर्चा के नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ परिचयात्मक एवं संगठनात्मक बैठक की। कैसरबाग स्थित महानगर कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी ने की। बैठक में संगठन की मजबूती, मोर्चों के बीच समन्वय और आगामी विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक के दौरान आनन्द द्विवेदी ने दोनों मोर्चों के नवनियुक्त पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त करते हुए संगठनात्मक दायित्वों और कार्यप्रणाली पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी की सांगठनिक शक्ति को व्यापक आधार देने में महिला एवं किसान मोर्चा की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे में प्रत्येक पदाधिकारी को आपसी समन्वय, सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।
बैठक का विशेष जोर 12 से 16 नवंबर तक संचालित विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान पर रहा। महानगर अध्यक्ष ने पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे घर-घर संपर्क कर पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए सक्रिय प्रयास करें। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा के भीतर मतदाता फॉर्म संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को जमा कराने और उसकी रसीद अनिवार्य रूप से प्राप्त करने पर भी बल दिया।
उन्होंने मतदाता सूची के शुद्धिकरण और नए पात्र मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बताते हुए अभियान में गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। बैठक में महिला मोर्चा अध्यक्ष अर्चना साहू, किसान मोर्चा अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, महामंत्री घनश्याम दास अग्रवाल एवं सतेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष विनायक पाण्डेय, दीपू शुक्ला, सौरभ वाल्मीकि, सीता नेगी, कार्यालय सहप्रभारी मयंक बाजपेई तथा कोषाध्यक्ष मनोज गुप्ता सहित दोनों मोर्चों के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।