अनुज सिंह बने एलडीए के नए उपाध्यक्ष, प्रथमेश कुमार को सीतापुर की कमान; बिजनौर, मुजफ्फरनगर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज में भी नए जिलाधिकारी तैनात।
दैनिक इंडिया न्यूज़,लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शुक्रवार देर रात योगी आदित्यनाथ सरकार ने नौकरशाही में बड़ा फेरबदल करते हुए 38 आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदल दिए। इस व्यापक प्रशासनिक पुनर्गठन में पांच जिलों के जिलाधिकारी बदल दिए गए, जबकि लखनऊ विकास प्राधिकरण, नगर निगमों, विकास प्राधिकरणों और विभिन्न सरकारी विभागों में भी महत्वपूर्ण पदों पर नई तैनातियां की गई हैं। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले हुए इस बड़े फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्था को नई गति देने की महत्वपूर्ण कवायद के रूप में देखा जा रहा है।
इस तबादला सूची में सबसे चर्चित नाम आईएएस अनुज सिंह का है, जिन्हें लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) का नया उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। अब तक एलडीए के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे प्रथमेश कुमार को सीतापुर का जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं सीतापुर के जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. को राज्य नगरीय विकास अभिकरण (सूडा) का निदेशक नियुक्त किया गया है।
बिजनौर में जोगिंदर सिंह को नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वह इससे पहले राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन में कार्यकारी निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। बिजनौर के मौजूदा जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह को विशेष सचिव, लोक निर्माण विभाग बनाया गया है। इसी तरह मुजफ्फरनगर में सुनील कुमार सिंह को नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वह इससे पहले ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी थे। मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी उमेश मिश्रा को विशेष सचिव, नगर विकास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
महाराजगंज और सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारियों के बीच भी महत्वपूर्ण अदला-बदली की गई है। महाराजगंज के जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को सिद्धार्थनगर का जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन को महाराजगंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नगर निगमों और विकास प्राधिकरणों में भी बड़े बदलाव हुए हैं। गोरखपुर के मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी को वाराणसी का नगर आयुक्त बनाया गया है। वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को गाजियाबाद नगर निगम की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं गाजियाबाद के नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
गोरखपुर में मुख्य विकास अधिकारी के पद पर अभिषेक कुमार की तैनाती की गई है। मेरठ के मुख्य विकास अधिकारी संदीप कुमार बनाए गए हैं, जबकि अयोध्या में राजेश कुमार को मुख्य विकास अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में संजय कुमार मीणा और कृष्ण कुमार सिंह को अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। नोएडा प्राधिकरण में प्रीति जायसवाल तथा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में नूपुर गोयल और प्रवीण वर्मा को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
इसके अतिरिक्त फतेहपुर में पूनम निगम, श्रावस्ती में शिशिर कुमार सिंह, अलीगढ़ में शैलेंद्र कुमार सिंह और फिरोजाबाद में योगेंद्र कुमार को मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। वाराणसी मंडल में मनोज कुमार प्रथम तथा बरेली मंडल में अतुल कुमार को अपर आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। सहारनपुर मंडल में वंदना त्रिपाठी को अपर आयुक्त बनाया गया है।
एक साथ 38 आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव से प्रदेश के प्रशासनिक महकमे में व्यापक हलचल है। पांच जिलों के प्रशासनिक मुखिया बदलने के साथ ही राजधानी लखनऊ से लेकर वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ, नोएडा और ग्रेटर नोएडा तक महत्वपूर्ण पदों पर नई तैनाती की गई है। यह फेरबदल शासन की प्रशासनिक प्राथमिकताओं और विकास कार्यों को लेकर नई कार्ययोजना का संकेत माना जा रहा है।