नगर पंचायत मधुबन समेत ग्रामीण अंचलों में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया छठ महापर्व, घाटों पर उमड़ी हजारों श्रद्धालुओं की भीड़

दैनिक इंडिया न्यूज, मधुबन।लोक आस्था, अटूट विश्वास और पारिवारिक सुख-समृद्धि के महापर्व छठ पर रविवार को नगर पंचायत मधुबन सहित पूरे ग्रामीण अंचल में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। जैसे-जैसे दिन ढलता गया, वैसे-वैसे छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता गया। पारंपरिक वेशभूषा, सिर पर पूजन सामग्री से सजे दउरा और सूप तथा छठी मैया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। हजारों व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु तथा खुशहाल जीवन की कामना की।

नगर पंचायत मधुबन के अलावा पांती, भेलउर, मर्यादपुर, तिनहरी, मलकौली, सिपाह, बनपोखरा, लालनपुर, फतहपुर, हकारीपुर, हृदयपट्टी, कतकौली, सुग्गी चौरी और भठियां सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में छठ पर्व पूरे उत्साह और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। दोपहर बाद से ही व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं का घाटों पर पहुंचना शुरू हो गया था। कई स्थानों पर श्रद्धालु गाजे-बाजे और पारंपरिक छठ गीतों के बीच घाटों तक पहुंचे। सूर्यास्त के समय जैसे ही भगवान भास्कर की लालिमा क्षितिज पर बिखरी, वैसे ही हजारों हाथ श्रद्धा से जुड़ गए और जल में खड़ी व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। घाटों पर गूंजते छठी मैया के जयकारों और लोकगीतों ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर कर दिया।
सुरक्षा व्यवस्था का अधिकारियों ने लिया जायजा
छठ पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से भी व्यापक इंतजाम किए गए थे। घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। एसडीएम मधुबन दीपक सिंह, थाना प्रभारी कृष्ण कुमार गुप्ता और क्षेत्राधिकारी दिनेश दत्त मिश्रा ने नगर पंचायत सहित ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए पर्व के दौरान सतर्कता बनाए रखने पर जोर दिया।
इस अवसर पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शंकर मद्धेशिया, राहुल दीक्षित, अखिलेश राज और निलेश मल्ल ने भी क्षेत्र के दर्जनों छठ घाटों पर पहुंचकर व्रती महिलाओं से आशीर्वाद प्राप्त किया तथा श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, अनुशासन और सामाजिक सौहार्द के बीच छठ पर्व का संध्याकालीन अर्घ्य संपन्न हुआ।