जम्मू में चल रही 15वीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश के खिलाड़ियों ने फाइटिंग और परफॉर्मेंस वर्ग में 11 स्वर्ण, 7 रजत और 7 कांस्य पदक हासिल किए
दैनिक इंडिया न्यूज़, नई दिल्ली।जम्मू के भगवती नगर इंडोर स्टेडियम में आयोजित 15वीं राष्ट्रीय वोवीनाम मार्शल आर्ट प्रतियोगिता-2026 में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने तीसरे दिन फाइटिंग और परफॉर्मेंस वर्ग में प्रभावी प्रदर्शन करते हुए कुल 25 पदक अपने नाम किए। विस्तृत परिणाम के अनुसार प्रदेश को 11 स्वर्ण, 7 रजत और 7 कांस्य पदक मिले।
स्वर्ण पदक विजेताओं में ज्योति ने फीमेल सिंगल परफॉर्मेंस के लॉन्ग हो क्वयेन तथा सीनियर अंडर-48 किग्रा वर्ग में सफलता हासिल की। मोहम्मद हन्नान ने सब-जूनियर 35 किग्रा, निखिल रावत ने जूनियर अंडर-44 किग्रा, लकी सिंह गौतम ने अंडर-17 अंडर-58 किग्रा, अनुष्का मौर्य ने महिला अंडर-65 किग्रा और रुमाना सुहैल ने महिला सीनियर अंडर-70 किग्रा फाइटिंग वर्ग में स्वर्ण जीता।
जूनियर फोर मेल लेग अटैक टेक्निक्स में प्रिंस मौर्य, लकी सिंह गौतम, दिवांशु कश्यप और निखिल की टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया। सन्नी ने सीनियर थाप था क्वयेन, जबकि अभिषेक पाल ने अंडर-14 और तुषार ने अंडर-17 एनगु मोन क्वयेन में स्वर्ण जीता।
रजत पदक आनंदिता पांडेय, खुशी चौरसिया, आर्यन यादव, तुषार, तानिया सुहैल और शौर्य गौतम ने जीते। कांस्य पदक दिपांक्षी जायसवाल, मोहम्मद अली खान, आविरल दत्त, शौर्य गौतम, अर्पण, अभिषेक पाल और प्रिंस मौर्य के नाम रहे।
प्रदेश महासचिव प्रवीण गर्ग ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की जानकारी दी। उत्तर प्रदेश वोवीनाम एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक ओपी श्रीवास्तव ने पदक विजेताओं, प्रशिक्षकों और टीम पदाधिकारियों को बधाई देते हुए खिलाड़ियों की मेहनत और अनुशासन की सराहना की।