दैनिक इंडिया न्यूज़,लखनऊ। दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक प्रकरण को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए कथित लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को राजधानी लखनऊ में अधिवक्ताओं ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व हाईकोर्ट के अधिवक्ता शशांक अग्निहोत्री और मोहित एडवोकेट ने किया। उनके साथ जैनेंद्र पांडे, अनुज गुप्ता, संतोष, सौरभ सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता कैसरबाग स्थित स्वास्थ्य भवन चौराहे पर एकत्र हुए और शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन किया।
अधिवक्ताओं का कहना था कि नीट पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर अपनी आवाज उठा रहे छात्रों के साथ बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उनका आरोप है कि पुलिस कार्रवाई में कई छात्र घायल हुए, जिससे देशभर में आक्रोश व्याप्त है।
प्रदर्शन के दौरान वकीलों ने अपने हाथों में विभिन्न नारे लिखी तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और किसी भी प्रकार की कथित पुलिस बर्बरता स्वीकार नहीं की जा सकती।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों की जवाबदेही तय करने तथा छात्रों की सुरक्षा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने की मांग की।