दैनिक इंडिया न्यूज़,लखनऊ।छठ महापर्व के पावन अवसर पर राष्ट्रीय सनातन महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्कृत भारती के पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र संपर्क प्रमुख जितेंद्र प्रताप सिंह ने समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व भारतीय सनातन संस्कृति की उस दिव्य आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है, जिसमें प्रकृति, मातृशक्ति और प्रत्यक्ष देवता भगवान सूर्य की उपासना के माध्यम से जीवन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाती है। भगवती षष्ठी, जिन्हें देवसेना के नाम से भी जाना जाता है, भगवान स्कंद अर्थात् कार्तिकेय की अर्धांगिनी तथा मूलप्रकृति के षष्ठांश से प्रकट हुई दिव्य शक्ति हैं। वे बालकों की अधिष्ठात्री, आयु प्रदान करने वाली, संतति की संरक्षिका और करुणा एवं वात्सल्य की साक्षात् प्रतिमूर्ति हैं।
उन्होंने कहा कि पुराणों में वर्णित भगवती देवसेना का स्वरूप हमें अदम्य सामर्थ्य और दिव्य संरक्षण का बोध कराता है। वे विपरीत परिस्थितियों में देवताओं की सेनापति बनी थीं। यह प्रसंग उनकी असाधारण शक्ति, सामर्थ्य और दिव्य तेज का परिचायक है। ऐसी परम कल्याणकारी मां षष्ठी की कृपा यदि हम जैसे साधारण मनुष्यों पर भी हो जाए तो हमारा जीवन धन्य हो जाता है। उनकी करुणा केवल संतान की रक्षा तक सीमित नहीं, बल्कि संपूर्ण जीवन के मंगल और कल्याण का आधार है।
उन्होंने वाल्मीकि रामायण में वर्णित आदित्य हृदय स्तोत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान सूर्य समस्त जगत के जीवन, ऊर्जा और चेतना के प्रत्यक्ष आधार हैं। सूर्यदेव के बिना यज्ञ, पूजा और उपासना की पूर्णता की कल्पना भी संभव नहीं है। अतः अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने की परंपरा प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और परमात्मा के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है।
अंत में उन्होंने प्रार्थना की कि मां षष्ठी और भगवान सूर्यदेव की असीम अनुकंपा से प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, आरोग्य, समृद्धि और सद्भाव का वास हो तथा समस्त देशवासियों का जीवन धर्म, संस्कार और मंगलमय चेतना से आलोकित हो।