शीघ्र होगा मऊ के सभी प्रमुख बस अड्डों का कायाकल्प, दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक एवं डबल डेकर बसें
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विश्व मंच पर नई ऊंचाइयों को छू रहा भारत
दैनिक इंडिया न्यूज़, मऊ।केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद मऊ में आयोजित विशेष प्रेसवार्ता केवल उपलब्धियों का ब्योरा भर नहीं थी, बल्कि उस परिवर्तनकारी यात्रा का दस्तावेज थी जिसने भारत की विकास गाथा को नया आयाम दिया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित संवाद कार्यक्रम में जनपद के प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की विकास, विश्वास और जनकल्याण की ऐतिहासिक यात्रा का विस्तृत चित्र प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में प्रारंभ हुआ यह दौर केवल सत्ता परिवर्तन नहीं था, बल्कि शासन की कार्यसंस्कृति, विकास की प्राथमिकताओं और जनसेवा के दृष्टिकोण में व्यापक परिवर्तन का प्रारंभ था। जनता ने 2014 में विश्वास जताया, 2019 में उस विश्वास को और मजबूत किया तथा 2024 में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश की बागडोर सौंपकर यह स्पष्ट कर दिया कि भारत की जनता परिणाम आधारित राजनीति और सुशासन को ही अपना समर्थन देती है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि तीसरी बार शपथ ग्रहण करने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किसान सम्मान निधि की फाइल पर हस्ताक्षर किया जाना इस बात का प्रमाण है कि गरीब, किसान, युवा और महिलाएं सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। यही कारण है कि बीते 12 वर्षों में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का अभूतपूर्व प्रयास हुआ है।
उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” का मंत्र केवल नारा नहीं, बल्कि शासन का मूल दर्शन बन चुका है। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) प्रणाली के माध्यम से करोड़ों लाभार्थियों तक बिना किसी बिचौलिये के सहायता पहुंचाई गई। लाखों फर्जी लाभार्थियों को हटाकर लगभग 4.31 लाख करोड़ रुपये की बचत की गई, जिससे पारदर्शी शासन की नई मिसाल स्थापित हुई। सरकार की नीतियों के परिणामस्वरूप लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकलने में सफल हुए हैं।
गरीब कल्याण की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए, जिनमें बड़ी संख्या महिलाओं की है। कोरोना महामारी जैसी वैश्विक आपदा के दौरान भी 81 करोड़ से अधिक लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराकर भारत ने दुनिया के सामने मानवीय संवेदनशीलता और प्रभावी प्रशासन का उदाहरण प्रस्तुत किया। आयुष्मान भारत योजना ने करोड़ों परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का भरोसा दिया है।
महिलाओं के जीवन में आए परिवर्तन का उल्लेख करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि उज्ज्वला योजना के माध्यम से 11 करोड़ से अधिक महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करोड़ों परिवारों को पक्के घर प्राप्त हुए हैं, जबकि जल जीवन मिशन ने ग्रामीण भारत के करोड़ों परिवारों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाकर जीवन की गुणवत्ता में अभूतपूर्व सुधार किया है। स्वच्छ भारत मिशन ने स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया है।
स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने वाली योजनाओं की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि, मुद्रा और विश्वकर्मा जैसी योजनाओं ने छोटे व्यापारियों, युवाओं, कारीगरों और पारंपरिक शिल्पकारों को नई ऊर्जा प्रदान की है। इन योजनाओं ने करोड़ों लोगों को आर्थिक सशक्तिकरण का अवसर देकर आत्मनिर्भर भारत की नींव को और मजबूत किया है।
कृषि क्षेत्र में हुए परिवर्तन पर प्रकाश डालते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 11 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 4.3 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की जा चुकी है। किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना तथा “पर ड्रॉप मोर क्रॉप” अभियान ने कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ जल संरक्षण को भी नई दिशा दी है।
महिला सशक्तिकरण को सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल बताते हुए उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना ने ग्रामीण महिलाओं में आर्थिक आत्मनिर्भरता का नया विश्वास जगाया है। सुकन्या समृद्धि योजना ने बेटियों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत आधारशिला रखी है। आज सुरक्षा बलों से लेकर विज्ञान, प्रशासन और उद्यमिता तक महिलाओं की बढ़ती भागीदारी नए भारत की पहचान बन रही है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि आधारभूत संरचना के क्षेत्र में भारत ने अभूतपूर्व छलांग लगाई है। राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार, चेनाब रेल पुल, अटल टनल और नया पंबन ब्रिज जैसी परियोजनाएं केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि भारत की बढ़ती क्षमता और आत्मविश्वास के प्रतीक हैं। आज देश में विकास की रफ्तार विश्व के विकसित राष्ट्रों को भी आकर्षित कर रही है।
रेलवे के आधुनिकीकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस, अमृत भारत स्टेशन योजना और व्यापक विद्युतीकरण ने भारतीय रेल की तस्वीर बदल दी है। इसी प्रकार मेट्रो नेटवर्क का विस्तार, उड़ान योजना तथा नए हवाई अड्डों के विकास ने देश के दूरस्थ क्षेत्रों को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ दिया है।
डिजिटल इंडिया अभियान को परिवर्तन का आधार बताते हुए उन्होंने कहा कि भारतनेट परियोजना के माध्यम से लाखों ग्राम पंचायतों को इंटरनेट से जोड़ा गया है। डिजिटल सेवाओं के विस्तार ने पारदर्शिता बढ़ाई है और आम नागरिकों को घर बैठे अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं।
राष्ट्रीय सुरक्षा पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आज भारत अपनी सीमाओं की रक्षा के प्रति पहले से कहीं अधिक सक्षम और सजग है। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसी निर्णायक कार्रवाइयों ने विश्व को स्पष्ट संदेश दिया कि नया भारत अपनी संप्रभुता और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाने में सक्षम है।
उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ सरकार ने भारत की सांस्कृतिक चेतना को भी नई ऊर्जा प्रदान की है। कर्तव्य पथ, नया संसद भवन, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक और जनजातीय गौरव दिवस जैसी पहलें राष्ट्र गौरव की भावना को सशक्त बनाने वाली सिद्ध हुई हैं। “हर घर तिरंगा”, “एक पेड़ मां के नाम” और “वोकल फॉर लोकल” जैसे अभियान जनभागीदारी को राष्ट्रीय आंदोलन का स्वरूप दे रहे हैं।
वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का उल्लेख करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री अभियान, बढ़ता विदेशी निवेश और विभिन्न देशों के साथ हुए रणनीतिक समझौते भारत की वैश्विक नेतृत्व क्षमता को प्रमाणित करते हैं। आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस विश्व के 177 देशों में मनाया जा रहा है, जो भारत की सांस्कृतिक शक्ति और विश्वव्यापी प्रभाव का सशक्त प्रतीक है।
पत्रकारों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए प्रभारी मंत्री ने जनपद मऊ के लिए महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही जनपद में इलेक्ट्रिक एवं डबल डेकर बसों का संचालन प्रारंभ किया जाएगा। साथ ही घोसी, दोहरीघाट और मधुबन बस अड्डों के जीर्णोद्धार एवं सुंदरीकरण का कार्य भी प्रारंभ होगा, जिसके लिए बजट स्वीकृत किया जा चुका है। यह पहल जनपद के परिवहन ढांचे को नई पहचान देगी।
अंत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष भारत के इतिहास में विकास, सुशासन, जनकल्याण, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और वैश्विक प्रतिष्ठा के स्वर्णिम अध्याय के रूप में स्मरण किए जाएंगे। विकसित भारत-2047 का संकल्प अब केवल लक्ष्य नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की सामूहिक आकांक्षा बन चुका है। जनता का अटूट विश्वास ही मोदी सरकार की सबसे बड़ी शक्ति है और इसी विश्वास के साथ भारत निरंतर नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।
प्रेसवार्ता के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, भाजपा जिला अध्यक्ष रामाश्रय मौर्य, मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार सहित अनेक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।