दैनिक इंडिया न्यूज़, मऊ।
मऊ। स्थायी लोक अदालत, मऊ की सदस्य के रूप में स्नेहलता त्रिपाठी ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण किया। जनपद न्यायाधीश संजय कुमार यादव एवं स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष हीरा लाल ने उन्हें पदभार ग्रहण कराया।
सामाजिक कार्यों में सक्रिय स्नेहलता त्रिपाठी विभिन्न संगठनों के माध्यम से समाज सुधार एवं जनकल्याण के प्रयासों से जुड़ी रही हैं। स्थायी लोक अदालत में उनकी नियुक्ति से न्यायपीठ को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
स्थायी लोक अदालत में विद्युत, डाक, दूरसंचार, परिवहन, रेलवे, अस्पताल एवं शैक्षणिक संस्थानों जैसी जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित विवादों का विधि के प्रावधानों के अनुसार समाधान किया जाता है। इसका उद्देश्य आमजन को सुलभ एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय निरंजन पाण्डेय, एडीजे दीप नारायण तिवारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सिद्धार्थ चतुर्वेदी, सिविल जज अरुणांजलि सिंह, स्तुति सोनकर तथा स्थायी लोक अदालत के वरिष्ठ सदस्य विकास निकुम्भ सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।