लोहिया नगर वार्ड में चिकित्सा सेवा एवं संकल्प पखवाड़े के तहत आयोजन, भारतीय आयुर्वेदिक परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान

दैनिक इंडिया न्यूज , 22 सितंबर 2026,लखनऊ। आयुर्वेद दिवस के अवसर पर 22 सितंबर को सेक्टर-5, विकास नगर स्थित लोहिया नगर वार्ड के पार्षद कार्यालय में चिकित्सा सेवा एवं संकल्प पखवाड़े के अंतर्गत बृहद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना से हुआ। इस दौरान आयुर्वेद के महत्व, भारतीय चिकित्सा-ज्ञान की प्राचीन परंपरा तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।

आयुर्वेद भारतीय चिकित्सा-ज्ञान की प्राचीन परंपरा है। इसका मूल दृष्टिकोण स्वस्थ व्यक्ति के स्वास्थ्य की रक्षा और रोगी के उपचार से जुड़ा है। आहार-विहार, दिनचर्या, ऋतुचर्या तथा औषधीय ज्ञान इसके पारंपरिक चिंतन के महत्वपूर्ण पक्ष हैं। कार्यक्रम में इसी ज्ञान-विरासत को जनसामान्य तक पहुंचाने और इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।

भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना के माध्यम से आरोग्य, सेवा और लोककल्याण की भावना को रेखांकित किया गया। आयोजन का उद्देश्य आयुर्वेद को केवल प्राचीन चिकित्सा-पद्धति के रूप में स्मरण करने तक सीमित न रखते हुए उसके प्रमाणित एवं उपयोगी पक्षों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवन-पद्धति के महत्व को रेखांकित करना रहा।

कार्यक्रम में लोहिया नगर वार्ड के पार्षद राकेश कुमार मिश्र, मंडल उपाध्यक्ष आशुतोष कुमार मिश्रा ‘भारत’, शक्ति केंद्र संयोजक प्रकाश सिंह, अनूप शुक्ला, बूथ अध्यक्ष एसपी द्विवेदी, सुशील त्रिवेदी, पतंजलि अवस्थी, आर.एन. द्विवेदी, नरेंद्र मिश्रा, पंकज अवस्थी, रेखा पचौरिया, लक्ष्मी देवी, अनिल शर्मा, अजय शर्मा, अनिल श्रीवास्तव एवं राजेंद्र गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजन के माध्यम से भारतीय ऋषि-चिकित्सा परंपरा और आरोग्य-संस्कृति के प्रति जनचेतना बढ़ाने तथा चिकित्सा सेवा को सामाजिक सरोकार से जोड़ने का संदेश दिया गया। आयुर्वेद दिवस पर संपन्न कार्यक्रम ने स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य-जागरूकता और भारतीय चिकित्सा-विरासत के प्रति रुचि बढ़ाने की दिशा में पहल को रेखांकित किया।