आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर लखनऊ में विधानसभा एवं मंडल आईटी संयोजकों की बैठक; सोशल मीडिया के जरिए अभियानों और संगठनात्मक गतिविधियों को व्यापक जनसंपर्क से जोड़ने की रणनीति
दैनिक इंडिया न्यूज़, नई दिल्ली। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा लखनऊ महानगर ने अपने डिजिटल तंत्र को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की कवायद तेज कर दी है। कैसरबाग स्थित महानगर कार्यालय में विधानसभा एवं मंडल आईटी संयोजकों की बैठक में आगामी अभियानों के डिजिटल प्रसार, सूचनाओं के त्वरित संचार और सोशल मीडिया की प्रभावी भूमिका पर मंथन हुआ।
बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने की। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम संगठन की गतिविधियों को व्यापक जनसमूह तक पहुंचाने का प्रभावी साधन हैं। विधानसभा से मंडल और बूथ स्तर तक आईटी कार्यकर्ताओं को सक्रियता के साथ कार्यक्रमों, अभियानों और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी प्रसारित करनी होगी।
द्विवेदी ने समयबद्ध सूचना-प्रसार और विधानसभा एवं मंडल स्तर पर बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से डिजिटल मंचों पर संगठन की गतिविधियों को जिम्मेदारी के साथ रखने का आह्वान किया। बैठक में सोशल मीडिया सक्रियता बढ़ाने तथा संगठनात्मक कार्यक्रमों को व्यापक जनसंपर्क से जोड़ने के उपायों पर भी विचार हुआ।
बैठक में आईटी संयोजक उत्तम मिश्रा, सह संयोजक सतीश अडवानी और मणिकांत शुक्ला समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। संयोजकों को अपने-अपने क्षेत्रों में आईटी टीम को अधिक सक्रिय करते हुए आगामी अभियानों के प्रभावी डिजिटल संचार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।