दैनिक इंडिया न्यूज़, मऊ।जनगणना-2027 के अंतर्गत जनपद में मकान गणना एवं सूचीकरण कार्य का विधिवत शुभारंभ आज जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन द्वारा किया गया। इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान के प्रथम चरण के अंतर्गत 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक मकान गणना एवं सूचीकरण का कार्य संपन्न कराया जाएगा। इससे पूर्व 7 मई से 21 मई 2026 तक नागरिकों को स्वगणना की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई थी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश की भावी विकास योजनाओं, संसाधनों के बेहतर प्रबंधन एवं जनकल्याणकारी नीतियों की आधारशिला है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों को निर्देशित किया कि जनगणना कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता, समयबद्धता एवं शत-प्रतिशत गुणवत्ता के साथ संपन्न कराया जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि मकान गणना एवं सूचीकरण कार्य के तहत नामित प्रगणक घर-घर जाकर प्रत्येक मकान एवं परिवार से संबंधित आवश्यक सूचनाएं एकत्र करेंगे। उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रगणकों को सही एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
कलेक्ट्रेट परिसर हेतु नामित प्रगणक द्वारा कलेक्ट्रेट से ही मकान गणना एवं सूचीकरण कार्य का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों ने प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए कार्य को शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराने पर विशेष बल दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना का यह व्यापक अभियान देश की सामाजिक, आर्थिक एवं प्रशासनिक नीतियों के निर्धारण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसलिए इस कार्य में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।