ब्रेकिंग न्यूज़
मन की एकाग्रता में छिपी है असाधारण व्यक्तित्व निर्माण की शक्ति | निर्वाचन आयोग पर भरोसा या सवाल? भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व और योगी के बयानों में विरोधाभास क्यों? | संतराम शुक्ला बनाम अब्बास अहमद प्रकरण में नया घटनाक्रम, मुआयना प्रार्थना पत्र दाखिल; 20 नवंबर को अगली सुनवाई | कालड़ी से केदारनाथ तक निकलेगी 50 हजार किलोमीटर से अधिक लंबी एकात्म यात्रा, सनातन संस्कृति और अद्वैत दर्शन के लोकव्यापीकरण की पहल | एसआईआर में करोड़ों मतदाताओं के नाम गायब, किसके लिए बज रही खतरे की घंटी? | रामनगरी में भक्ति की अविरल धारा, उपराष्ट्रपति संग मां सरयू की आरती में शामिल हुए योगी; चौपाई से व्यक्त की अयोध्या के प्रति श्रद्धा | अयोध्या में दीपोत्सव की दिव्यता, सरयू आरती के साथ योगी का भावपूर्ण संदेश—हर घर में खुशहाली, हर आंगन में जले उम्मीदों का दीप! | मधुबन में जनसुनवाई के दौरान ही सुधरी खतौनी, जिलाधिकारी ने 87 शिकायतों में 15 का कराया तत्काल निस्तारण | मन की एकाग्रता में छिपी है असाधारण व्यक्तित्व निर्माण की शक्ति | निर्वाचन आयोग पर भरोसा या सवाल? भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व और योगी के बयानों में विरोधाभास क्यों? | संतराम शुक्ला बनाम अब्बास अहमद प्रकरण में नया घटनाक्रम, मुआयना प्रार्थना पत्र दाखिल; 20 नवंबर को अगली सुनवाई | कालड़ी से केदारनाथ तक निकलेगी 50 हजार किलोमीटर से अधिक लंबी एकात्म यात्रा, सनातन संस्कृति और अद्वैत दर्शन के लोकव्यापीकरण की पहल | एसआईआर में करोड़ों मतदाताओं के नाम गायब, किसके लिए बज रही खतरे की घंटी? | रामनगरी में भक्ति की अविरल धारा, उपराष्ट्रपति संग मां सरयू की आरती में शामिल हुए योगी; चौपाई से व्यक्त की अयोध्या के प्रति श्रद्धा | अयोध्या में दीपोत्सव की दिव्यता, सरयू आरती के साथ योगी का भावपूर्ण संदेश—हर घर में खुशहाली, हर आंगन में जले उम्मीदों का दीप! | मधुबन में जनसुनवाई के दौरान ही सुधरी खतौनी, जिलाधिकारी ने 87 शिकायतों में 15 का कराया तत्काल निस्तारण |
हाइलाइट न्यूज़
10 अगस्त रात्रि 12 से 12 अगस्त रात्रि 12 बजे तक निःशुल्क बस सेवा उपलब्ध : सीएम योगी • मऊ पुलिस ने बरामद किए 28 हजार के मोबाइल • यूपी सरकार का बड़ा फैसला, खेत में कटीले तार लगाया तो जाना पड़ सकता है जेल • यूपी सरकार 2.0 द्वारा नवनियुक्त महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ डा. लिली सिंह जी का भव्य स्वागत • विधवा पेंशन लाभार्थी लिंक करायें आधार नही तो पेंशन होगी बन्द शासन के सक्त निर्देश • क्षेत्राधिकारी अभय कुमार सिंह ने मिशन शक्ति रैली को दिखाई हरी झंडी • मुख्यमंत्री के निर्देश पर अंसल ग्रुप के खिलाफ दर्ज होगी एफआईआर • आने वाले एक वर्ष में 30लाख जीएसटी पंजीकरण करने का लक्ष्य: मुख्यमंत्री • 10 अगस्त रात्रि 12 से 12 अगस्त रात्रि 12 बजे तक निःशुल्क बस सेवा उपलब्ध : सीएम योगी • मऊ पुलिस ने बरामद किए 28 हजार के मोबाइल • यूपी सरकार का बड़ा फैसला, खेत में कटीले तार लगाया तो जाना पड़ सकता है जेल • यूपी सरकार 2.0 द्वारा नवनियुक्त महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ डा. लिली सिंह जी का भव्य स्वागत • विधवा पेंशन लाभार्थी लिंक करायें आधार नही तो पेंशन होगी बन्द शासन के सक्त निर्देश • क्षेत्राधिकारी अभय कुमार सिंह ने मिशन शक्ति रैली को दिखाई हरी झंडी • मुख्यमंत्री के निर्देश पर अंसल ग्रुप के खिलाफ दर्ज होगी एफआईआर • आने वाले एक वर्ष में 30लाख जीएसटी पंजीकरण करने का लक्ष्य: मुख्यमंत्री •
लेख / शोध ब्रेकिंग हिन्दी

मन की एकाग्रता में छिपी है असाधारण व्यक्तित्व निर्माण की शक्ति

D

Dainik India News

• 13372 views
मन की एकाग्रता में छिपी है असाधारण व्यक्तित्व निर्माण की शक्ति

पंचकोश साधना में मनोमय कोश का विशेष महत्त्व है। इसे गायत्री का तृतीय मुख भी कहा गया है। अन्नमय और प्राणमय कोश के पश्चात् मनुष्य के अंतःकरण में स्थित मनोमय कोश उसकी कल्पनाओं, आकांक्षाओं, इच्छाओं, भावनाओं और संकल्पशक्ति का केंद्र है। मनुष्य का व्यक्तित्व किस दिशा में विकसित होगा, उसका जीवन उत्थान की ओर अग्रसर होगा अथवा पतन की ओर, इसका बहुत बड़ा निर्धारण उसके मन की अवस्था और उसकी दिशा से होता है।

मन स्वभावतः चंचल, कल्पनाशील और आकर्षणों से प्रभावित होने वाला तत्त्व है। इसकी प्रकृति निरंतर सुख की खोज करना है। यह अपनी कल्पनाओं के माध्यम से ऐसे मनमोहक संसार की रचना करता है, जिसके आकर्षण में पड़कर मनुष्य कभी-कभी उचित-अनुचित का विवेक खो बैठता है। परिणामस्वरूप वह ऐसे कार्यों और प्रवृत्तियों में प्रवृत्त हो जाता है, जिनका वास्तविक जीवन में कोई औचित्य नहीं होता। क्षणिक आकर्षण में लिए गए निर्णय आगे चलकर पश्चात्ताप, असंतोष और मानसिक क्लेश का कारण बनते हैं। किंतु यही मन यदि सद्विचारों, उच्च आदर्शों और कल्याणकारी संकल्पों से अनुप्राणित हो जाए तो मनुष्य को सामान्य स्थिति से उठाकर असाधारण व्यक्तित्व का स्वामी भी बना सकता है।

वस्तुतः मनुष्य के उत्थान और पतन के पीछे उसके मन की प्रेरक शक्ति ही कार्य करती है। मन जिस विचार को स्वीकार कर लेता है, उसे प्राप्त करने के लिए शरीर की समस्त शक्तियों को उसी दिशा में प्रवृत्त कर देता है। जिस प्रकार रंग-बिरंगी तितलियों के पीछे आकर्षित होकर बालक इधर-उधर दौड़ते रहते हैं, उसी प्रकार मनुष्य भी अपनी इच्छाओं, वासनाओं, तृष्णाओं और कल्पनाओं के पीछे भागता रहता है। मन में जिस वस्तु की प्राप्ति का आकर्षण उत्पन्न होता है, बुद्धि उसी के पक्ष में तर्क जुटाने लगती है और शरीर उसे प्राप्त करने के प्रयास में लग जाता है।

मन की सबसे बड़ी विडंबना उसकी अस्थिरता है। आज वह किसी एक लक्ष्य को जीवन का परम उद्देश्य मान लेता है, किंतु कल उसी लक्ष्य से विमुख होकर किसी दूसरी कल्पना के पीछे दौड़ने लगता है। एक योजना पूर्ण होने से पहले दूसरी योजना जन्म ले लेती है और पहली अधूरी छूट जाती है। फिर तीसरी, चौथी और अनेक योजनाओं का सिलसिला आरंभ हो जाता है। इस प्रकार अनगिनत अधूरे संकल्प, अपूर्ण इच्छाएँ और निष्फल प्रयास मनुष्य के जीवन में अव्यवस्था का जाल बुनते चले जाते हैं। अनियंत्रित मन की यही प्रवृत्ति उसे मृगतृष्णाओं में भटकाती है और जीवन की वास्तविक उपलब्धियों से दूर करती रहती है।

आधुनिक युग में मन की यह चंचलता और अधिक विकराल रूप धारण कर चुकी है। भौतिक सुख-सुविधाओं की अंधी प्रतिस्पर्धा में मनुष्य आत्मिक शांति और आत्मकल्याण के वास्तविक उद्देश्य को विस्मृत करता जा रहा है। विलासिता के साधनों को सुख का पर्याय मान लिया गया है। जिसके पास जितने अधिक भौतिक संसाधन हैं, उसे उतना ही भाग्यशाली समझा जाता है। इसके विपरीत, जिनके पास ऐसे साधन उपलब्ध नहीं हैं, वे स्वयं को अभागा और वंचित अनुभव करने लगते हैं। इस मानसिकता का सबसे बड़ा दुष्परिणाम यह है कि मनुष्य उपलब्धियों के बीच रहकर भी संतुष्ट नहीं हो पाता। उसकी आकांक्षाएँ निरंतर बढ़ती रहती हैं और अतृप्त इच्छाएँ उसके अंतर्मन को अशांत बनाए रखती हैं।

भगवद्गीता में मन को मनुष्य का मित्र और शत्रु दोनों बताया गया है। मनुष्य के बंधन और मुक्ति का आधार भी यही मन है। अनुशासित और संयमित मन कल्याणकारी सिद्ध होता है, जबकि स्वच्छंद एवं अनियंत्रित मन उसके लिए विष के समान अहितकर बन जाता है। जब मन पर विवेक का अंकुश नहीं रहता, तब वह इंद्रिय भोगों में ही सुख तलाशने लगता है। स्वाद, सौंदर्य, मनोरंजन, विलासिता, प्रशंसा, प्रतिष्ठा और अहंकार की तुष्टि उसके आकर्षण के प्रमुख केंद्र बन जाते हैं। वह अधिकाधिक धन अर्जित करने, भोग-विलास के साधन जुटाने और सामाजिक प्रतिष्ठा प्राप्त करने की योजनाएँ बनाने लगता है।

ऐसी स्थिति में मनुष्य का जीवन इंद्रिय सुखों, अहंकार की तृप्ति और धन-संचय की त्रिवेणी में उलझकर रह जाता है। उचित-अनुचित का विचार पीछे छूट जाता है और इच्छाओं की पूर्ति ही जीवन का प्रधान उद्देश्य बन जाती है। जब विवेक निष्क्रिय हो जाता है, तब मन अपनी चंचलता के अनुसार योजनाएँ बनाता और बिगाड़ता रहता है। यही अव्यवस्था आगे चलकर मानसिक तनाव, असफलता, अनैतिकता, अपयश और जीवनगत दुर्गति का कारण बनती है।

मनोमय कोश के परिष्कार का वास्तविक अर्थ मन को बुद्धि और विवेक के अनुशासन में प्रतिष्ठित करना है। जब मन वही कल्पनाएँ करे, जिनमें औचित्य हो; वही इच्छाएँ विकसित करे, जिनमें आत्मकल्याण निहित हो; और उन्हीं योजनाओं के लिए प्रेरित करे, जो व्यक्ति तथा समाज के हित में हों, तभी समझना चाहिए कि मन पर नियंत्रण स्थापित होने लगा है। मन की अनावश्यक भटकन, निरर्थक कल्पनाएँ और क्षण-क्षण में बदलती प्राथमिकताएँ उसकी अनियंत्रित अवस्था के लक्षण हैं। इसके विपरीत, जब मन किसी एक सार्थक उद्देश्य के प्रति पूर्णतः समर्पित हो जाता है, तब उसकी एकाग्रता असाधारण परिणाम उत्पन्न करने लगती है।

मन की एकाग्रता में अपार सामर्थ्य निहित है। संसार के महान विद्वानों, वैज्ञानिकों, साहित्यकारों, अन्वेषकों और महापुरुषों ने अपनी प्रतिभा का विकास इसी मानसिक एकाग्रता के माध्यम से किया है। सूर्य की किरणें जब चारों ओर बिखरी रहती हैं, तब उनकी ऊष्मा का विशेष उपयोग नहीं हो पाता; किंतु जब आतिशी शीशे के माध्यम से उन्हें एक बिंदु पर केंद्रित किया जाता है, तब वही किरणें अग्नि उत्पन्न कर देती हैं। इसी प्रकार मनुष्य की बिखरी हुई कल्पनाएँ, इच्छाएँ और संकल्प जब किसी एक श्रेष्ठ लक्ष्य पर केंद्रित होते हैं, तब उसकी कार्यक्षमता और उपलब्धियों में अद्भुत परिवर्तन दिखाई देने लगता है।

महर्षि पतंजलि ने योग की परिभाषा देते हुए कहा है—'योगश्चित्तवृत्तिनिरोधः' अर्थात् चित्त की वृत्तियों का निरोध और उनका अनुशासित एकीकरण ही योग है। योग-साधना का मूल प्रयोजन भी यही है कि मन की बिखरी हुई प्रवृत्तियाँ संयमित होकर एकाग्र हों और उनका संचालन आत्मा के उच्चतर आदर्शों के अनुरूप होने लगे। जब मनुष्य इस अवस्था को प्राप्त करता है, तब उसके भीतर निहित क्षमताएँ क्रमशः जाग्रत होने लगती हैं। मन की एकाग्रता सांसारिक जीवन में प्रतिभा, ज्ञान, स्वास्थ्य, अनुसंधान और कार्यकुशलता के विकास में सहायक होती है। इसी प्रकार आध्यात्मिक जीवन में यह उपासना, ध्यान, आत्मचिंतन और आत्मोन्नति का सशक्त आधार बनती है।

एकाग्रता के साथ संकल्पशक्ति का भी गहरा संबंध है। दृढ़ संकल्प वह आंतरिक ऊर्जा है, जो मनुष्य को कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य से विचलित नहीं होने देती। जब मन किसी आदर्श को पूर्ण निष्ठा से स्वीकार कर लेता है, तब उसकी समस्त मानसिक शक्तियाँ उसी दिशा में प्रवाहित होने लगती हैं। यही कारण है कि अधूरे मन से की गई साधना अपेक्षित परिणाम नहीं दे पाती, जबकि पूर्ण श्रद्धा, तन्मयता और एकाग्रता से किया गया साधनात्मक प्रयास व्यक्ति के अंतःकरण में गहरा परिवर्तन उत्पन्न कर सकता है।

भारतीय अध्यात्म परंपरा में मन की संकल्पशक्ति और एकाग्रता के अनेक उदाहरण मिलते हैं। सदन कसाई, गणिका, गृध्र और अजामिल जैसे प्रसंग इस तथ्य को रेखांकित करते हैं कि मनुष्य के जीवन में परिवर्तन की संभावना कभी समाप्त नहीं होती। जब अंतःकरण में सच्चा पश्चात्ताप, पूर्ण समर्पण और ईश्वर के प्रति अनन्य भाव जाग्रत होता है, तब जीवन की दिशा बदल सकती है। साधना का मूल्य केवल उसकी अवधि में नहीं, बल्कि उसकी आंतरिक गहनता और भावनात्मक प्रामाणिकता में निहित होता है।

भारतीय योग एवं आध्यात्मिक परंपरा में ध्यान को मन के परिष्कार और एकाग्रता का महत्त्वपूर्ण साधन माना गया है। ध्यान का अर्थ केवल आँखें बंद करके बैठ जाना नहीं, बल्कि अपने मनःक्षेत्र में किसी श्रेष्ठ आदर्श, लक्ष्य अथवा इष्ट का सजीव भाव स्थापित करना है। जिस विचार को मनुष्य निरंतर चिंतन और तन्मयता प्रदान करता है, धीरे-धीरे उसका व्यक्तित्व उसी के अनुरूप ढलने लगता है। जैसे किसी साँचे में मिट्टी को रखने से वह उसी आकार में परिवर्तित हो जाती है, वैसे ही मन में प्रतिष्ठित आदर्श व्यक्ति के विचारों, व्यवहार और जीवनचर्या को प्रभावित करने लगता है।

ध्यान की यही शक्ति मनुष्य के मानसिक कायाकल्प का आधार बनती है। जिस प्रकार निरंतर नकारात्मक चिंतन मन में भय, निराशा और असंतोष को बढ़ाता है, उसी प्रकार उच्च विचारों का नियमित चिंतन आत्मविश्वास, धैर्य, करुणा, साहस और विवेक का विकास करता है। मनुष्य जिस दिशा में अपनी मानसिक ऊर्जा का निवेश करता है, उसका व्यक्तित्व धीरे-धीरे उसी दिशा में विकसित होने लगता है।

भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को मन को नियंत्रित करने के दो प्रमुख उपाय बताए—अभ्यास और वैराग्य। अभ्यास का तात्पर्य है मन को बार-बार श्रेष्ठ विचारों, सत्कर्मों, योग-साधना और एकाग्रता की दिशा में प्रवृत्त करना। वैराग्य का अर्थ संसार के प्रति उत्तरदायित्वों से पलायन नहीं, बल्कि अनावश्यक आसक्ति, अतृप्त लालसाओं और इंद्रिय आकर्षणों पर संयम स्थापित करना है। अभ्यास मन को सकारात्मक दिशा देता है और वैराग्य उसे अनावश्यक भटकाव से मुक्त करता है। इन दोनों के समन्वय से ही मनुष्य अपने चंचल मन को अनुशासित बनाने की दिशा में आगे बढ़ सकता है।

वस्तुतः मनुष्य के जीवन का वास्तविक उत्कर्ष बाहरी साधनों की प्रचुरता में नहीं, बल्कि अंतर्मन की परिष्कृत अवस्था में निहित है। मन यदि वासनाओं का दास बन जाए तो समस्त भौतिक संपन्नता के बावजूद जीवन अशांत बना रहता है; किंतु वही मन यदि विवेक, संयम, सद्भाव और उच्च आदर्शों के अधीन हो जाए तो सीमित साधनों में भी संतोष, आनंद और आत्मिक समृद्धि का अनुभव संभव हो जाता है।

मनोमय कोश का जागरण इसी आंतरिक परिवर्तन की साधना है। इसका उद्देश्य मन को दबाना नहीं, बल्कि उसकी अनंत कल्पनाशीलता, प्रेरक शक्ति और संकल्प सामर्थ्य को श्रेष्ठ दिशा प्रदान करना है। मनुष्य जब अपने मन का स्वामी बनता है, तभी वह अपने जीवन का वास्तविक निर्माता बन पाता है। इसलिए मन का परिष्कार केवल आध्यात्मिक साधना का विषय नहीं, बल्कि एक सफल, संतुलित, सार्थक और आदर्श जीवन की अनिवार्य आधारशिला है।

लेखक: हरिंद्र कुमार सिंह प्रधानसंपादक दैनिक इंडिया न्यूज़ नई दिल्ली

टिप्पणियाँ

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहले टिप्पणी करें!