जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन और पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने परखी कानून-व्यवस्था की स्थिति, स्थानीय लोगों से किया संवाद; अधिकारियों को सतर्कता, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश।

दैनिक इंडिया न्यूज़, नई दिल्ली।दीपावली एवं छठ पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए मऊ जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन एवं पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने मोहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र में संयुक्त रूप से रूट मार्च कर कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया और स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
रूट मार्च के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दीपावली और छठ जैसे पर्व हमारी सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपराओं और आपसी सद्भाव के प्रतीक हैं। ऐसे अवसरों पर सभी नागरिकों का दायित्व है कि एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त रखने तथा त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में अव्यवस्था उत्पन्न नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस जिम्मेदारी के निर्वहन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी आपसी समन्वय के साथ निरंतर क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर परिस्थितियों पर नजर रखें, ताकि जनपद में सभी पर्व सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।
संयुक्त रूट मार्च में उप जिलाधिकारी मोहम्मदाबाद गोहना अर्चना अग्रिहोत्री, क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष मोहम्मदाबाद गोहना सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल रहे। प्रशासन की इस संयुक्त पहल का उद्देश्य त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के साथ आमजन में विश्वास और आपसी सद्भाव का वातावरण कायम रखना रहा।