दैनिक इंडिया न्यूज़,नोएडा। राष्ट्रीय सनातन महासंघ, लखनऊ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जितेन्द्र प्रताप सिंह ने पूर्व राज्यपाल एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री श्री कलराज मिश्र जी की धर्मपत्नी स्व. श्रीमती सत्यवती मिश्रा जी को उनके नोएडा स्थित आवास पर जाकर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

इस दुःखद अवसर पर श्री जितेन्द्र प्रताप सिंह ने श्री कलराज मिश्र जी से भेंट कर इस अपूरणीय क्षति को सहन करने हेतु ढांढस बंधाया।

श्री सिंह ने कहा कि "स्व. सत्यवती मिश्रा जी अत्यंत स्नेहमयी, आत्मीय एवं अन्नपूर्णा भाव की साक्षात प्रतिमूर्ति थीं। एक ओजस्वी आध्यात्मिक व्यक्तित्व के रूप में उनका व्यवहार सदैव प्रेरणादायी रहा। जब भी उनके सानिध्य का अवसर प्राप्त हुआ, बिना जलपान एवं पारिवारिक कुशल-क्षेम लिए कभी वापस नहीं आने दिया।"
उन्होंने कहा कि श्री कलराज मिश्र जी की राजनीतिक एवं सामाजिक यात्रा की सफलता और उन्नति में स्व. सत्यवती जी के आत्मीय व्यवहार की प्रभावशाली भूमिका सदैव रही है। उनका ब्रह्मलीन होना परिवार और समाज दोनों के लिए एक बड़ी शून्यता छोड़ गया है।
श्री जितेन्द्र प्रताप सिंह ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए परमपिता परमात्मा से इस दुःखद घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।