वीरेन्द्र स्वरूप विद्यालय स्थित शिविर में बीएलओ की कार्यप्रणाली का लिया जायजा, परिवार सहित स्थानीय मतदाताओं के नामों का किया सत्यापन; मतदाताओं से सूची में अपना नाम जांचने की अपील
दैनिक इंडिया न्यूज़, लखनऊ।लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची है। इसी उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत लखनऊ में मतदाता सूची के सत्यापन और शुद्धिकरण की प्रक्रिया का जायजा लेने के लिए महानगर विस्तार जनकल्याण समिति के सचिव जितेन्द्र प्रताप सिंह ने वीरेन्द्र स्वरूप विद्यालय स्थित SIR शिविर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) की कार्यप्रणाली, सत्यापन की प्रक्रिया तथा अभियान के धरातलीय क्रियान्वयन का बारीकी से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान जितेन्द्र प्रताप सिंह ने अपने परिवार के सदस्यों सहित कई स्थानीय मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जांचे और सत्यापन प्रक्रिया के प्रति संतोष व्यक्त किया। उन्होंने शिविर में चल रहे कार्यों का जायजा लेते हुए यह समझने का प्रयास किया कि मतदाताओं तक पुनरीक्षण अभियान की जानकारी किस प्रकार पहुंच रही है और सूची में संभावित त्रुटियों के निराकरण के लिए क्या प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
SIR अभियान के अंतर्गत मृतक, स्थायी रूप से स्थानांतरित तथा अनुपस्थित मतदाताओं से संबंधित प्रविष्टियों का पुनः सत्यापन किया जा रहा है। इसके साथ ही पहली बार मतदाता बनने के पात्र नागरिकों के नाम सूची में सम्मिलित कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाने तथा गणना प्रपत्रों की जांच का कार्य भी किया जा रहा है। मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने की दृष्टि से यह प्रक्रिया महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
जितेन्द्र प्रताप सिंह ने मतदाताओं से अपील की कि वे पुनरीक्षण अभियान को केवल प्रशासनिक औपचारिकता न समझें, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों की सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी के रूप में इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएं। प्रत्येक मतदाता को अपनी और अपने परिवार के सदस्यों की प्रविष्टियों की जांच करनी चाहिए, ताकि निर्वाचन के समय किसी का नाम सूची से छूटने अथवा गलत दर्ज होने जैसी समस्या उत्पन्न न हो।
उत्तर प्रदेश में SIR की समय-सीमा 31 दिसंबर तक बढ़ाए जाने की जानकारी देते हुए उन्होंने पात्र नागरिकों से आग्रह किया कि मतदाता सूची में नाम छूटने की स्थिति में संबंधित बीएलओ से संपर्क कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म-6 भरें। मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने में प्रशासन के साथ नागरिकों की सजगता और सहभागिता भी उतनी ही आवश्यक है।