दैनिक इंडिया न्यूज़, मधुबन।जनपद में बाढ़ एवं तट कटान से प्रभावित क्षेत्रों को सुरक्षित बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल तेज कर दी है। सोमवार को जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने सरयू नदी के दायें तट पर ग्राम परसिया देवार एवं धर्मपुर विशुनपुर के मध्य प्रस्तावित 566.16 लाख रुपये की तट कटान निरोधक परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति एवं तकनीकी तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि वर्ष 2025 में सरयू नदी ने लगभग 3 किलोमीटर लंबाई एवं 125 मीटर चौड़ाई तक दायें तट की ओर तीव्र कटान किया है, जिससे नदी का प्रवाह आबादी एवं कृषि भूमि की ओर बढ़ता जा रहा है। समय रहते प्रभावी सुरक्षा कार्य न होने पर आसपास के गांवों के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजना का प्रत्येक कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ एवं तट कटान से प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के तहत 1500 मीटर लंबाई में नदी तट का 3:1 स्लोप के अनुसार सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। साथ ही स्टोन बोल्डर लॉन्चिंग एप्रन, प्लेटफॉर्म तथा छह पंक्तियों में परक्यूपाइन संरचनाओं का निर्माण कर नदी की धारा को नियंत्रित किया जाएगा, जिससे कटान की गति में प्रभावी कमी आएगी।
इस परियोजना से परसिया देवार एवं धर्मपुर विशुनपुर सहित दो गांवों की लगभग 8400 आबादी को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा, जबकि करीब 1275 हेक्टेयर कृषि भूमि और अनेक पक्के मकान कटान के खतरे से सुरक्षित हो सकेंगे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य प्रारंभ होने से पूर्व सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली जाएं, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की नियमित जांच कराई जाए तथा प्रत्येक चरण की लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ से पहले परियोजना के महत्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर स्थानीय लोगों को अधिकतम सुरक्षा प्रदान की जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने तथा भरोसा दिलाया कि प्रशासन जनहित एवं तट संरक्षण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
निरीक्षण के समय संबंधित विभाग के अभियंता एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।