संविधान गौरव दिवस सम्मेलन में सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों पर हुआ मंथन, समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने संविधान, आरक्षण और महिला भागीदारी के मुद्दों पर विपक्ष को घेरा

दैनिक इंडिया न्यूज़, नई दिल्ली।भारतीय संविधान केवल शासन संचालन का कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, सम्मान, अधिकार और बंधुत्व के सूत्र में जोड़ने वाली राष्ट्रीय व्यवस्था का आधार है। संविधान की इसी मूल भावना को जनमानस तक पहुँचाने और सामाजिक न्याय के संकल्प को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गुरुवार को गोमतीनगर स्थित भागीदारी भवन में भारतीय जनता पार्टी की ओर से संविधान गौरव दिवस सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में संविधान के मूल आदर्शों, सामाजिक समरसता, समान अवसर और लोकतांत्रिक अधिकारों पर विमर्श हुआ। इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह ने संविधान को राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव की आधारशिला बताते हुए उसके मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान देश की एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का सशक्त आधार है। इसने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकारों और सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने ऐसे भारत की परिकल्पना की थी, जिसमें जाति, वर्ग अथवा सामाजिक स्थिति के आधार पर किसी के साथ भेदभाव न हो तथा प्रत्येक व्यक्ति को प्रगति के समान अवसर उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि संविधान की मूल भावना हमें परस्पर सम्मान, समानता और कर्तव्यबोध का संदेश देती है।
राष्ट्र निर्माण में समाज के विभिन्न वर्गों की भूमिका रेखांकित करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि सैनिक सीमाओं की रक्षा करते हैं, किसान देश का पेट भरते हैं, महिलाएँ सामाजिक संरचना को सशक्त बनाती हैं, जबकि चिकित्सक और अधिवक्ता अपनी सेवाओं के माध्यम से समाज तथा न्याय व्यवस्था को मजबूती प्रदान करते हैं। देश की प्रगति तभी सार्थक होगी, जब प्रत्येक वर्ग को सम्मान, अवसर और सहभागिता प्राप्त होगी।

सम्मेलन में समाज कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कार्यकाल पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2012 से 2017 के बीच कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का नाम हटाया गया तथा सामाजिक न्याय के पुरोधाओं के नाम पर स्थापित संस्थानों के नाम बदलने की कार्रवाई हुई। अब्राहम लिंकन के कथन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के चरित्र का आकलन उसे सत्ता और शक्ति मिलने के बाद किया जा सकता है। उन्होंने तत्कालीन सरकार पर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़े वर्गों के हितों से जुड़ी योजनाओं को कमजोर करने का भी आरोप लगाया।
असीम अरुण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में काम हुआ है। उन्होंने विपक्ष पर संविधान बदलने और आरक्षण समाप्त करने को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने आरक्षण के दायरे को विस्तार दिया है। आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य वर्ग के परिवारों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था को उन्होंने इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की पहल की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस व्यवस्था को लागू करने में देरी कर रही है। उनके अनुसार, महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व और निर्णय प्रक्रिया में उचित भागीदारी का अवसर शीघ्र मिलना चाहिए।
सम्मेलन में भाजपा प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह, महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, बाबा साहब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रोफेसर रिपु सूदन सिंह, प्रदेश मंत्री बसंत त्यागी एवं अंकुर शर्मा सहित पार्टी के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पूर्व स्वतंत्रता सेनानियों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों, महिलाओं, किसानों, युवा उद्यमियों और शिक्षकों समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।