महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी सहित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई
दैनिक इंडिया न्यूज़, नई दिल्ली।संविधान गौरव दिवस के अवसर पर लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी ने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान और उनके विचारों को स्मरण करते हुए श्रद्धा व्यक्त की। कैसरबाग स्थित भाजपा लखनऊ महानगर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों, विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर भारतीय संविधान की मूल भावना, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भारतीय संविधान के निर्माण में ऐतिहासिक और अविस्मरणीय भूमिका निभाई। उनका संपूर्ण जीवन सामाजिक समानता, न्याय, समरसता तथा वंचित वर्गों के अधिकारों की स्थापना के लिए समर्पित रहा। उनके विचारों ने भारतीय समाज को समान अवसर, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार स्तंभ है। संविधान में निहित मूल्यों एवं आदर्शों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। लोकतंत्र की वास्तविक मजबूती तभी सुनिश्चित हो सकती है, जब नागरिक अपने अधिकारों के साथ-साथ संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति भी सजग और जिम्मेदार रहें।
कार्यक्रम में घनश्याम दास अग्रवाल, टिंकू सोनकर, सत्येंद्र सिंह, महानगर उपाध्यक्ष दीपू शुक्ला एवं मानवेंद्र सिंह, महानगर मंत्री राजेश चौधरी, अर्चना साहू, मयंक बाजपेई, उत्तम मिश्रा और डेनिश सोनकर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से बाबा साहब के विचारों और संविधान के मूल आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।